राजधानी और शताब्दी में यात्रा करने वालों के लिए ये है जरूरी खबर
कागज के इस्तेमाल में कमी लाने की कोशिश के तहत रेलवे ने अब राजधानी और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में पेपरलेस मोबाइल टिकट सिस्टम शुरू करने का निर्णय लिया है।
वर्तमान में प्रायोगिक तौर पर चेन्नई के उपनगरीय तांबरम और एग्मोर के यात्रियों को बिना कागज के जनरल टिकट वितरित किए जा रहे हैं।
रेलवे बोर्ड मुंबई (ट्रैफिक) के सदस्य अजय शुक्ला ने कहा- हमारा मकसद विभिन्न चरणों में आरक्षित और अनारक्षित टिकटों के लिए बिना कागज के टिकट की सुविधा का विस्तार करना है।
मोबाइल एप्लिकेशन करेगा मदद
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा- फिलहाल यह चेन्नई के उपनगरीय क्षेत्रों में प्रायोगिक तौर पर चल रहा है, लेकिन जल्द ही हम इसका विस्तार सभी उपनगरीय सेवाओें में कर देंगे। हम आरक्षित श्रेणी में भी इसका विस्तार करेंगे।
उन्होंने बताया कि राजधानी और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में सबसे पहले पेपरलेस मोबाइल टिकट की सुविधा शुरू की जाएगी। यह सुविधा एक मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी, जिसे सेंटर फॉर रेलवे इंफोरमेशन सिस्टम में विकसित किया है। यह रेलवे की सॉफ्टवेयर विंग है।