इस बेटी पर नाज, जिसकी विश्व रिकॉर्ड पर नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार 124 घंटे कथक नृत्य का विश्व कीर्तिमान बनाने का सपना लेकर मंच पर उतरी काशी की बेटी सोनी चौरसिया के कदम धीरे-धीरे कीर्तिमान की ओर बढ़ रहे हैं।
नृत्य के बीच मिल रहे चंद मिनटों के ब्रेक के दौरान सोनी ने बताया कि उन्हें भजनों पर नृत्य करने से आंतरिक ऊर्जा मिन रही है। इस वजह से उन्हें जरा भी थकावट महसूस नहीं हो रही है।
124 घंटे लगातार नृत्य का कीर्तिमान स्थापित करने में जुटी सोनी का दूसरे दिन रविवार को समाचार लिखे जाने तक सोनी अपने अभियान के 40 घंटे पूरी कर चुकी थीं। हालांकि उनका नृत्य तब भी जारी रहा। इस दौरान आयोजकों की ओर से हर चार घंटे का अपडेट गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम को भेजा जाता रहा।
बनारस के बीबी हटिया निवासी सोनी ने 19 नवंबर तक नृत्य कर केरल की हेमलता के लगातार 123 घंटे 15 मिनट नृत्य का रिकार्ड तोड़ने का संकल्प लिया है। इस दौरान वह ठुमरी, टुकड़ा, तिहाई के साथ भजनों पर नृत्य प्रस्तुत कर रही हैं।
भजनों की धुन से मिल रही आंतरिक ऊर्जा
पूरी ताजगी के साथ जहां सोनी मंच पर बेहतरीन प्रस्तुति कर रही हैं वहीं दर्शक बीच-बीच में तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ा रहे हैं। दूसरे दिन देर रात तक प्रशंसकों के आने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान पर्यवेक्षकों की टीम निगरानी कर रही है।
हर चार घंटे पर नियमत: उन्हें 20 मिनट का ब्रेक मिलना है, लेकिन वह कभी दस मिनट तो कभी पंद्रह मिनट का ब्रेक करने के बाद दोबारा मंच पर पूरे उत्साह के साथ पहुंच रही हैं।
पांच मिनट के लिए रोकना पड़ा नृत्य
रविवार को सुबह पांच मिनट के लिए सोनी को नृत्य रोकना पड़ा। मीडिया सेल की ओर से डॉ. अनामिका सिंह और डॉ. सरोज उपाध्याय ने बताया कि 10 बजकर 20 मिनट से शुरू होने वाले चार घंटे के बाद लेने वाले अंतराल को पांच मिनट के लिए स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए रोकना पड़ा।
इसके बाद डायटिशियन के सुझाव के बाद पेय पदार्थ की मात्रा कम की गई। इसके बाद सोनी ने अगला ब्रेक पूरे चार घंटे के बाद लिया।
पेय पदार्थ और अंकुरित चना, मेथी ही सहारा
विश्व कीर्तिमान की ओर से बढ़ रही सोनी के टीम से जुड़े लोग उसकी सेहत का विशेष ख्याल रख रहे हैं। स्केटिंग मैनेजर राजेश डोगरा ने बताया कि चार घंटे के अंतराल के बाद सोनी को नारियल पानी सहित अन्य जरूरी पेय पदार्थ ही दिया जा रहा है। साथ ही खाने में अंकुरित चना, मेथी, कच्चा पनीर, शहद और नाश्ते में दलिया ले रही हैं। हर अंतराल पर चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य का परीक्षण कर रही है।