जासूसी पर सुषमा का केरी को दो टूक जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत ने अमेरिका की ओर से मित्र देशों की जासूसी पर उसे दो टूक चेता दिया है। दोनों देशों के बीच सामरिक वार्ता के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी के समक्ष यह मुद्दा उठाते हुए साफ कहा कि भारत मित्र देशों की जासूसी बर्दाश्त नहीं करेगा।
केरी ने भी जासूसी के मसले पर भारत की चिंता को जायज ठहराया है। बृहस्पतिवार को पांचवीं भारत-अमेरिका सामरिक वार्ता के दौरान केरी और सुषमा ने दोनों देशों के बीच व्यापार, सुरक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को लेकर चर्चा की।
सुषमा ने इस दौरान अमेरिकी खुफिया एजेंसी एनएसए द्वारा भाजपा की कराई गई जासूसी के साथ-साथ मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के मामले को भी उठाया।
'भारत अमेरिका का सबसे अहम साझेदार'
हालांकि डब्लूटीओ में सब्सिडी मुद्दे पर दोनों देशों के बीच बातचीत बेनतीजा रही। सुषमा ने बताया कि फिलहाल इस मसले पर दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है।
बातचीत के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में सुषमा ने कहा कि हम वैश्विक साझेदार के तौर पर अमेरिका में भारी संभावनाएं देखते हैं। भारत अमेरिका के साथ मिलकर काम करेगा। केरी ने भी 21वीं सदी में भारत को अमेरिका का सबसे अहम साझेदार बताया।
उन्होंने कहा कि बीते 10 साल के दौरान दोनों देशों के रिश्तों में मजबूती आई है। अमेरिका के बाद भारत में भी केरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास नारे की तारीफ की।
केरी ने कहा कि सितंबर में मोदी की अमेरिका यात्रा के बाद दोनों देशों के संबंधों में नए युग की शुरुआत होगी। केरी शुक्रवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। इससे पहले केरी ने वित्त और रक्षा मंत्री अरुण जेटली से भी मुलाकात की। उन्होंने दिल्ली आईआईटी का दौरा भी किया।
जब हिंदी में बोले केरी
प्रेस वार्ता के दौरान केरी प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते नजर आए। उन्होंने चुनाव के दौरान मोदी के मुख्य नारे सबका साथ सबका विकास को हिंदी में बोलकर दोहराया। केरी की इस तारीफ को अमेरिका की ओर से भारत के साथ संबंध सुधारने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
भाजपा नेताओं की हुई थी जासूसी
भाजपा नेताओं की 2010 में अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (एनएसए) की ओर से जासूसी कराई गई थी। एनएसए के लिए काम कर चुके एडवार्ड स्नोडेन ने भी इस बात का खुलासा किया था। बाद में यह मामला मीडिया में भी सुर्खियों में आया था।