SMS पर मिलेगा मौसम अलर्ट, करिए रजिस्टर
मौसम की सूचना देने वाले देश के भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने लोगों के लिए गुरुवार को एक एसएमएस अलर्ट की सेवा शुरू की है। इससे न केवल मौसम के बारे में अलर्ट मिलेंगे, बल्कि चक्रवात, बाढ़ और भारी बारिश के बारे में भी पता चल सकेगा।
इस सेवा के तहत आईएमडी हर उस व्यक्ति को मौसम के बारे में एसएमएस भेजेगा, जो भी इसके साथ रजिस्टर होंगे। इसके रजिस्ट्रेशन के लिए आपको आईएमडी की वेबसाइट www.imd.gov.in पर जाना पड़ेगा और खुद को रजिस्टर करना पड़ेगा।
इसके जरिए सरकारी विभागों और लोगों को न केवल प्राकृतिक आपदाओं के बारे में बताया जाएगा, बल्कि यह भी बताया जाएगा कि उससे कैसे निपटा जा सकता है। यह सुविधा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की 'मोबाइल सेवा' का इस्तेमाल करके लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
साल भर में पहुंच जाएंगे सब तक
गुड गवर्नेंस डे को इस सेवा को लॉन्च करते हुए अर्थ साइंसेज (पृथ्वी विज्ञान) के यूनियन मिनिस्टर हर्ष वर्धन ने कहा कि इसके जरिए न केवल मछुआरों, किसानों और जनता को सूचना भेजी जाएगी, बल्कि प्रबंधन विभाग और जिला मजिस्ट्रेट को भी भेजी जाएगी।
मौसम के बारे में एसएमएस अलर्ट डिजिटल इंडिया प्रोग्राम का एक हिस्सा है। आईएमडी के एक डायरेक्टर बी पी यादव ने कहा कि साल भर में हम सभी लोगों तक अपनी पहुंच बना लेंगे, जिसके बाद किसी को भी खुद को रजिस्टर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।