सलीम ने किया वेस्ट यूपी के बड़े आतंकी नेटवर्क का खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छह स्लीपिंग मॉड्यूल्स बताए जा रहे हैं। इनका कहीं न कहीं आतंकी सलीम पतला से भी लिंक रहा है। सूत्रों के मुताबिक करीब 21 साल तक खुद मॉड्यूल बनकर रह चुके पतला से हुई पूछताछ में इनके नाम सामने आ चुके हैं।
जांच एजेंसियां इस ऑपरेशन को लोकल पुलिस से शेयर न कर खुद ही गिरफ्तारी की कोशिशों में लगी हैं। इनकी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही इनके मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लिए गए हैं।
लिसाड़ी गेट क्षेत्र के गोला कुआं निवासी सलीम पतला का नाम 26 जनवरी 1992 को नौचंदी मैदान स्थित पीएसी कैंप पर बम से हमला करने में सामने आया था। इसके बाद वह 1993 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पशु चिकित्सालय के सामने पीएसी कैंप पर बम फेंकने के मामले में आरोपी बना। पीएसी की ये दोनों पिकेट्स उस समय सांप्रदायिक दंगों के चलते तैनात की गईं थीं। इसके बाद से करीब 21 साल तक लापता रहे सलीम पतला की गिरफ्तारी एटीएस ने 30 अक्टूबर को खतौली से की थी। पतला इस समय मुजफ्फरनगर जेल में है।
शहर में ही आतंक के मददगार
खुफिया सूत्रों के अनुसार पूछताछ में यह बात सामने आई थी कि सलीम पतला इन 21 वर्षों के दौरान अपनी पहचान छिपाकर स्लीपिंग मॉड्यूल्स बनकर काम कर रहा था। मेरठ से लेकर जम्मू कश्मीर और फिर मुरादाबाद के सफर में पतला के साथ आधा दर्जन ऐसे साथी रहे जिन्होंने उसे आर्थिक और सामाजिक मदद पहुंचाई। मुरादाबाद से अलग हटकर मेरठ में भी कुछ ऐसे नाम सामने आ रहे हैं जिनका जम्मू कश्मीर आना-जाना रहा है। इनके बारे में चोरी की लग्जरी गाड़ियों से लेकर असलहों और कारतूसों की तस्करी करने की जानकारी मिली है।
ऐसा नहीं कि लोकल पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हुई। लेकिन पुलिस ने इसकी गहराई में जाने की न तो जहमत उठाई और न ही अब कोई ऐसा टास्क उसके पास बताया गया। एक पुलिस अफसर का कहना है कि बिजनौर में आतंकियों का ऑपरेशन रहा हो या फिर सलीम पतला का केस, इस केस में लोकल पुलिस से न तो कोई मदद ली गई और न ही कुछ शेयर किया गया है। गौरतलब है कि सलीम पतला की घेराबंदी में एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाएड (एटीएस) लंबे समय से लगा था।
18 नवंबर को आएगा मेरठ
पीएसी कैंप पर हमले के मामले में वांटेड रहे सलीम पतला को 18 नवंबर को मेरठ की कोर्ट में पेश किया जाएगा। इंस्पेक्टर सिविल लाइन इकबाल अहमद कलीम ने मंगलवार को बताया कि सलीम पतला का जिला जज न्यायालय द्वारा बी वारंट जारी किया जा चुका है। जिसे मुजफ्फरनगर जिला जेल में तामील कराया जा चुका है। अब 18 नवंबर को उसे कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।