{"_id":"a35fcc44-b2f0-11e2-ae1a-d4ae52bc57c2","slug":"sikh-protest-on-sonia-house","type":"story","status":"publish","title_hn":"दस जनपथ तक पहुंचा सिखों का गुस्सा","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
दस जनपथ तक पहुंचा सिखों का गुस्सा
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Thu, 02 May 2013 11:46 PM IST
विज्ञापन
1984 के सिख विरोधी दंगा मामले में सज्जन कुमार को बरी किए जाने के खिलाफ भड़का गुस्सा थमता नहीं दिख रहा है।
विज्ञापन
बुधवार को सड़कों और मेट्रो स्टेशन पर अपने गुस्से का इजहार करने के बाद फैसले पर आग-बबूला हुए सिख समुदाय के लोगों ने बृहस्पतिवार को दस जनपथ स्थित कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास का रुख किया।
प्रदर्शनकारियों ने यहां सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और दंगा मामले के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। आक्रोशित भीड़ ने कांग्रेस मुख्यालय पर भी जमकर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारी बृहस्पतिवार सुबह साढ़े 11 बजे कपूरथला हाउस से दस जनपथ की ओर बढ़े। दिल्ली पुलिस ने उन्हें अकबर रोड पर बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन गुस्साई भीड़ बैरिकेड तोड़ते हुए आगे बढ़ गई।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने अपने गुस्से का इजहार सज्जन कुमार का पुतला फूंक कर किया। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बिठाकर तुगलक रोड थाने रवाना कर दिया, लेकिन वहां पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर ही सड़क पर चक्का जाम कर दिया। कई प्रदर्शनकारियों को संसद मार्ग थाने ले जाया गया।
उधर, अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के सामने भी जमकर प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने यहां भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड को ही उठा कर विरोध जताने लगे।
हालांकि अकाली दल-बादल गुट के प्रधान की अपील पर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर अपने विरोध का इजहार किया। यहां लंगर का भी आयोजन किया गया। सड़क पर ही प्याऊ खोल दिया गया था।
पीएम आवास की सुरक्षा बढ़ी
- पुलिस को खुफिया विभाग से सूचना मिली है कि सिख समुदाय के लोग शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास के समक्ष प्रदर्शन कर सकते है। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पीएम आवास पर पुलिस की एक कंपनी की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा पाकिस्तानी हाई कमीशन पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है।
दंगा भड़काने का मामला दर्ज
- कांग्रेस मुख्यालय और दस जनपथ पर धारा 144 होने के बावजूद प्रदर्शनकारियों के वहां पहुंचने के मामले में तुगलक रोड थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा भड़काने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कम से कम दस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है।