'वैदिक पर हो अजमल कसाब जैसी कार्रवाई'
केंद्र सरकार की एक अहम सहयोगी पार्टी शिव सेना ने वेद प्रताप वैदिक मामले में कडा रूख अपनाते हुए कहा है कि हाफिज सईद से वैदिक की मुलाकात देशद्रोह के समान है और उनके खिलाफ सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि वैदिक मामले में सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती। ठाकरे ने कहा कि अगर कांग्रेस होती तो भाजपा ने इस बारे में सफाई मांगी होती।
शिव सेना की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया में वेद प्रताप वैदिक ने कहा कि उन्होंने मेरे विचारों को गलत समझा है। वैदिक ने कहा कि शिव सेना को मेरा पूरा इंटरव्यू देखना चाहिए।
वहीं कल शिवसेना के नेता संजय राउत ने वेद प्रताप वैदिक पर करारा हमला करते हुए कहा था कि उन पर अजमल कसाब जैसी कार्रवाई होनी चाहिए।
कश्मीर पर पाक मीडिया में वैदिक का बयान
गौरतलब है कि भाजपा और योग गुरू रामदेव के करीब माने जाने वाले पत्रकार वेद प्रताप वैदिक कुछ दिनों पहले पाकिस्तान गए थे जहां जमात उद दावा प्रमुख हाफिज सईद से मुलाकात की थी।
इसके अलावा उन्होंने एक पाकिस्तानी चैनल से बातचीत के दौरान कश्मीर के संबंध में कुछ बयान दिए थे जिसके बाद भारत में राजनीतिक बवाल मचा हुआ है।
हालांकि भाजपा, आरएसएस और केंद्र सरकार सभी ने वैदिक से खुद को अलग कर लिया है।