वाराणसी में ताजिया बैठाने को लेकर भिड़े शिया-सुन्नी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में दोषीपुरा मस्जिद स्थित जनाना इमामबाड़ा का दरवाजा बदलने को लेकर शुक्रवार को शिया और सुन्नी आमने-सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया।
डेढ़ घंटे तक दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पांच बाइक तोड़ दी गई। अफरातफरी के बीच राहगीर जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। इस घटना में दोनों पक्षों से 25 लोग घायल हुए हैं।
सूचना के बाद पांच थानों की फोर्स के साथ एसएसपी आकाश कुलहरि मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ा। एसएसपी का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पुलिस फोर्स के साथ ही आरएएफ और पीएसी तैनात कर दी गई है।
25 से अधिक लोग जख्मी
जैतपुरा थाना क्षेत्र स्थित दोषीपुरा मस्जिद के एक हिस्से में जनाना इमामबाड़ा है। इसमें महिलाएं नमाज पढ़ती हैं। इमामबाडे़ का दरवाजा पुराना हो चुका है। शुक्रवार की दोपहर शिया पक्ष के लोग उसकी मरम्मत करा रहे थे। बढ़ई की सलाह पर बाद में दरवाजा बदलने की तैयारी शुरू कर दी गई। जानकारी के बाद सुन्नी पक्ष के लोगों ने विरोध कर दिया।
एक सभासद के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। उनका कहना था कि उन्हें सूचना दिए बगैर काम कराया जा रहा है। कहासुनी के दौरान ही मारपीट और फिर पथराव हो गया। दोनों पक्षों से सैकड़ों लोग आमने-सामने हो गए। नारेबाजी के बीच करीब डेढ़ घंटे तक पथराव हुआ। इस पथराव में दोनों पक्षों से 25 से अधिक लोग जख्मी हो गए।
सूचना के बाद जैतपुरा, आदमपुर, सिगरा, चेतगंज थाने की फोर्स पहुंची। सीओ चेतगंज अखिलेश और फिर कुछ देर बाद एसएसपी कुलहरि भी पहुंच गए। पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ा। भारी पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। पुलिस ने घायलों का दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में मेडिकल कराया। एसएसपी का कहना है कि दरवाजा बदलने को लेकर शिया और सुन्नी समुदाय के बीच विवाद हुआ था। जिन लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।