शीना बोरा केस: CBI को इंद्राणी के राजदार की तलाश
शीना बोरा हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई को एक एसे संदिग्ध की तलाश है जो आईएनएक्स मीडिया की पूर्व सीईओ इंद्राणी मुखर्जी का राजदार रह चुका है।
सीबीआई का मानना है कि इस संदिग्ध की शीना बोरा हत्याकांड में अहम भूमिका हो सकती है। सीबीआई को जिस संदिग्ध को तलाश रही है उसका पता मुंबई पुलिस को भी नहीं चल पाया था।
सीबीआई सूत्रों ने बताया कि शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी से पूछताछ के दौरान इस संदिग्ध का पता चला है। इंद्राणी के इस दावे की पुष्टि के लिए सीबीआई ने संदिग्ध की तलाश भी शुरू की है।
पीटर का पूर्व कर्मचारी है ये राजदार
वह इंद्राणी के पति पीटर मुखर्जी का पूर्व कर्मचारी माना जा रहा है। ऐसे में सीबीआई को शीना बोरा हत्याकांड से जुड़ा एक नया तथ्य भी सामने आने की संभावना है जिससे इस जांच में नया मोड़ आ सकता है।
केंद्रीय एजेंसी सीबीआई के सूत्रों ने दावा किया है कि इस नई कड़ी की गहराई से छानबीन की जाएगी। बता दें कि इंद्राणी मुखर्जी पर मई 2012 में अपनी ही बेटी शीना बोरा पर हत्या का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक इंद्राणी ने अपने पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राईवर श्याम राय के साथ मिलकर पहले उसकी हत्या की और फिर उसे मुंबई से सटे रायगढ़ के जंगलों में जलाकर फेंक दिया। फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में मुंबई की जेल में हैं।