इंद्राणी का खुलासा 'अमेरिका में जिंदा है शीना, नहीं किया कत्ल'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाई प्रोफाइल शीना बोरा हत्याकांड की पहेली सुलझने की बजाय उलझती जा रही है। इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी आईएनएक्स की पूर्व सीईओ इंद्राणी मुखर्जी लगातार बयान बदल रही है।
वह हत्याकांड का राज नहीं खोलना चाहती है। वकील के बिना कुछ भी बताने से इनकार करके वह पुलिस को गुमराह कर रही है। पुलिस की मानें तो इंद्राणी ने अभी तक शीना की हत्या का गुनाह कबूल ही नहीं किया है। उसका कहना है कि शीना अमेरिका में सुकून से है। उसका कत्ल नहीं हुआ है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान इंद्राणी लगातार नए पैंतरे आजमा रही है। उसने खुलासा किया है कि शीना अमेरिका में शादीशुदा जिंदगी बिता रही है।
इंद्राणी का कहना है कि शीना उससे बेहद नफरत करती है और चाहती है कि वह इस केस में फंस जाए। लिहाजा वह सामने नहीं आ रही है।
पुलिस को झूठी लग रही इंद्राणी की कहानी
हालांकि पुलिस शीना का पासपोर्ट पहले ही जब्त कर चुकी है, लेकिन इंद्राणी का दावा है कि शीना के दो पासपोर्ट थे। ऐसे में शीना के विदेश जाने की इंद्राणी की कहानी में कोई दम नजर नहीं आ रहा है।
फिर भी इसकी पुष्टि के लिए पुलिस इंद्राणी के बताए दिन को मुंबई से अमेरिका जाने वालों की जानकारी इकट्ठा कर रही है। अब तक इंद्राणी से 60 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ हो चुकी है।
मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया से लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त देवेन भारती और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कदम सहित खार पुलिस थाने के इंस्पेक्टर इंद्राणी, उसके दूसरे पति संजीव खन्ना और ड्राइवर श्याम राय से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। इस बीच इंद्राणी ने अपने वकीलों से पूछा है कि क्या पुलिस उसके साथ मारपीट भी कर सकती है?
पूछताछ वाले कमरे में पुलिस का स्टिंग ऑपरेशन
इंद्राणी से शीना बोरा की हत्या का राज उगलवाने के लिए पुलिस ने स्टिंग ऑपरेशन के जरिए वह राज जान लिया है, जिसकी उसे कई दिनों से दरकार थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार को कोर्ट से पांच दिन का रिमांड मिलने के बाद तीनों को थाने के इंट्रोगेशन रूम में करीब दो घंटे के लिए बंद कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने खुद सीसीटीवी फुटेज पर तीनों के बीच बातचीत सुनने के लिए संजीव खन्ना और ड्राइवर श्याम राय को एक ही कोठरी में बंद किया।