लघुशंका के बहाने पुलिस को चकमा देकर भागा यूपी का शार्प शूटर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हत्या, लूट और डकैती जैसे संगीन आपराधिक मामलों में निरुद्ध वाराणसी का शार्प शूटर 30 वर्षीय रईस सिद्दीकी शुक्रवार को वाराणसी से बरेली सेंट्रल जेल में शिफ्ट किए जाने के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
सुबह लगभग चार बजे शाहजहांपुर से पहले रोजा ओवरब्रिज पर जाम में फंसने पर जब पुलिस की गाडी़ रुकी तो वह लघुशंका के बहाने उतरा और अर्ध निद्रा में साथ चल रहे सुरक्षाकर्मी को धकियाकर हथकड़ी समेत रेलवे स्टेशन की साइडिंग में अंधेरे में गुम हो गया।
रईस सिद्दीकी वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के डी 37/91 खालिदपुर का रहने वाला है। उस पर वाराणसी शहर के चेतगंज और भेलूपुर थाना क्षेत्र में सात और कानपुर जिला के किदवई नगर और जूही थाना क्षेत्र में तीन आपराधिक मुकदमे आईपीसी की धारा 302, 392, 395, 397 और 120 बी के तहत दर्ज हैं। इन्हीं मामलों में वह पकड़ा गया था और उसकी सुनवाई चल रही थी।
मौके का फायदा उठाकर भागा रईस
सूबे में शातिर और कुख्यात श्रेणी वाले विचाराधीन बंदियों को गृह जनपद से दूसरे जिलों की जेल में रखे जाने की लागू व्यवस्था के चलते उसे वाराणसी से बरेली सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने के आदेश हुए थे।
इसी के तहत वाराणसी पुलिस लाइंस के दरोगा आद्या प्रसाद राज की अगुवाई वाली पुलिस टीम की अभिरक्षा में उसे पुलिस की गाड़ी से बरेली लाया जा रहा था। रोजा ओवरब्रिज पर पहले से लगे ट्रैफिक जाम में गाड़ी फंस गई।
दरोगा ड्राइवर वाली केबिन में व अन्य चार राइफलधारी सिपाही बंदी के साथ पीछे बैठे थे। सिपाही जंभाई ले रहे थे। यहीं रईस ने मौके का फायदा उठा लिया।
तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित
रईस के भागने के बाद पुलिस कर्मियों ने कुछ दूर अंधेरे में पीछा किया लेकिन उनके हाथ कुछ भी नहीं लगा। टीम ने रोजा पुलिस से संपर्क साधा लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। तत्काल पूरे मामले की जानकारी वाराणसी पुलिस को दी गई और फरार बंदी की तलाश में जिले के सभी थानों को सतर्क कर दिया गया।
पुलिस टीम की तहरीर पर आईपीसी की धारा 124 के तहत रोजा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। अलग से उसकी तलाश में तीन विशेष टीमें गठित की गई।
उधर अभिरक्षा में ले जा रही टीम में शामिल सभी छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ वाराणसी जिला पुलिस की ओर से विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसपी बबलू कुमार ने बताया कि वाराणसी पुलिस से लगातार संपर्क बना हुआ है और डीजीपी को भी घटना के बारे में बता दिया गया है।