शारदा घोटालाः पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंग गिरफ्तार
करोड़ों रुपये के शारदा चिट फंड मामले में सीबीआई ने शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंग सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने मतंग सिंह को सात घंटे से ज्यादा की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
सीबीआई प्रवक्ता के मुताबिक मतंग सिंह को शारदा रियल्टी मामले में आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय भी शारदा चिटफंड मामले में मतंग सिंह से दिल्ली में पूछताछ कर चुका है।
शारदा समूह प्रमुख सुदीप्तो सेन से कारोबारी संबंध के मामले में पहली बार सीबीआई के सवालों का जवाब देने सीबीआई कॉम्पलैक्स पहुंचे मतंग सिंह ने कहा कि किसी के साथ कारोबार करना कोई अपराध नहीं है और वह सुदीप्तो को नहीं जानते।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शारदा चिटफंड मामले की जांच शुरू होने के बाद गठित श्यामलाल सेन आयोग के पास उन्होंने पैसा जमा करा दिया था ताकि निवेशकों का पैसा लौटाया जा सके।
चिटफंड मामले में सीबीआई की ओड़िशा में 14 जगह रेड
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को ओडिशा में चिटफंड कंपनी माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड से संबंधित 14 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी ने छापेमारी की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम ने भुवनश्वर, कटक, बरहमपुर सहित 14 स्थानों पर छापेमारी की।
कंपनी का इन शहरों में दफ्तर हैं और इसका कामकाज यहां से संचालित होता था। माइक्रोफाइनेंस उन 44 चिटफंड कंपनियों में से एक है जो कि सीबआई के राडार पर हैं। यह दूसरी बार है जब सीबीआई ने माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड से संबधित स्थानों पर छापेमारी की है।
नौकरशाहों से मतंग के रिश्ते खंगालेगी सीबीआई
सीबीआई ने पूर्व गृह राज्यमंत्री मतंग सिंह को शारदा चिटफंड घोटाले के सिलसिले में शनिवार को गिरफ्तार किया। सीबीआई इस मामले में अब गृहमंत्रालय में मतंग की गहरी सांठगांठ को खंगाल रही है जो अब तक उन्हें इस मामले में कथित रूप से गिरफ्तार होने से बचा रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई की एसआईटी द्वारा गिरफ्तार मतंग पर आपराधिक षड्यंत्र, ठगी और शारदा रियल्टी से जुड़े फंड में गड़बड़ी के लिए गिरफ्तार किया गया है। शारदा रियल्टी समूह की उन कंपनियों में शामिल है, जिसकी एजेंसी जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई को जांच में पता चला कि मतंग के नौकरशाही में उच्च पदों में बैठे लोगों से गहरी सांठगांठ थी और उनके नाम पर धन की उगाही कर रहे थे। कांग्रेस के पूर्व सांसद और नरसिम्हा राव सरकार में गृह राज्यमंत्री रहे मतंग काम कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का प्रयोग कर रहे थे।
मतंग से पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा कि कहीं इस घोटाले में वरिष्ठ नौकरशाह भी तो शामिल नहीं। सीबीआई मतंग पर पहले ही फरवरी 2013 में लोन डिफॉल्ट का मामला दर्ज कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक इसके साथ ही उन पर कई और मामले विचाराधीन हैं ।