'मोदी और अजय राय नहीं, बल्कि केजरीवाल हैं बाहुबली'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव भाजपा और नरेंद्र मोदी पर जमकर तीर छोड़े। उन्होंने कहा कि मोदी वाराणसी से हारेंगे, क्योंकि कमल पोखरे या तालाब में खिलता है गंगा में नहीं।
वह सोमवार को नागरिक मंच के संयोजन में डाफी स्थित गुरु कृपा लान में आयोजित पार्टी की सभा को संबोधित कर रहे थे।
जद (यू) अध्यक्ष ने कहा कि मोदी तथा कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय बाहुबली नहीं हैं बल्कि बाहुबली अरविंद केजरीवाल हैं, क्योंकि उन्हें अच्छा खासा जन समर्थन मिल रहा है।
'भ्रष्टाचार में डूबे हैं कांग्रेस के बड़े नेता'
शरद यादव ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उन्हें मैं सलाखों के पीछे भिजवाकर रहूंगा। उन्होंने उप शास्त्रीय गायक छन्नू लाल मिश्र पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि वह छन्नू लाल के गीत काफी पसंद करते थे पर उन्हें मोदी के बगल में देखकर बहुत दु:ख हुआ। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक सभा को संबोधित किया।
केजरीवाल को वोट देने की अपील
शरद यादव ने कहा कि कांग्रेस शरीर है तो भाजपा रूह। दोनों में कोई अंतर नहीं है। हमारा प्रयास इन दोनों पार्टियों को परे कर सरकार बनाने का है। दोनों पार्टियों के बीच फगुवा चल रहा है। एक दंगा कराता है तो दूसरा लूट।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि गुजरात में विकास की बात झूठी है। कांग्रेस के प्रत्याशी को अलटू राम, पलटू राम की संज्ञा देते हुए कहा कि उसका बैकग्राउंड भी सच्चे नागरिक जैसा नहीं है।
यादव ने कहा कि मुलायम सिंह ने जो पार्टी खड़ी की थी अब उसमें वह ताकत नहीं है। उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को दमदार बताया और उन्हें वोट देने की अपील की।
'आप से हमारा कोई वास्ता नहीं है'
एक अन्य सवाल पर कहा कि ‘आप’ से हमारा कोई वास्ता नहीं है। हमारी नीतियां भी अलग-अलग हैं। हम भाजपा को चुनौती देने वाले केजरीवाल को समर्थन दे रहे हैं।
कुछ ‘आप‘ पदाधिकारियों ने तो कहा है कि उन्होंने समर्थन मांगा ही नहीं, इस पर तल्ख लहजे में शरद यादव ने कहा कि झूठ बोलते हैं वे लोग। आप के कई लोगों के फोन आए, उन्होंने जनता दल यूनाइटेड से समर्थन मांगा था।
शरद ने चुनाव आयोग की प्रशंसा की और चुनाव आयोग के खिलाफ नरेंद्र मोदी के बयान की निंदा की। इस मौके पर जदयू महासचिव केसी त्यागी, आप नेता डॉ. आनंद कुमार भी मौजूद रहे।