हिंदू धर्म गुरु शंकराचार्य भी पीके फिल्म के विरोध में उतरे
पीके फिल्म का विरोध बढ़ता जा रहा है। शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने भी अब पीके फिल्म पर विरोध दर्ज कराया है। शंकराचार्य ने कहा कि पीके फिल्म में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया गया है। शंकराचार्य ने कहा कि सिर्फ हिंदू धर्म को ही ऐसे क्यों दिखाया जा रहा है।
अगर आप मुस्लिम और ईसाई धर्म के खिलाफ ऐसी फिल्म बना कर देखिए तो समझ में आएगा कि कितना विरोध होगा, ऐसी फिल्म का। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म ऐसा ही कि जैसे गरीब की बीवी पूरे गांव भर की भौजाई होती है।
वहीं दूसरी तरफ धर्म नेताओं ने अब इस फिल्म को लेकर बड़ा विरोध करने की तैयारी की है। हिंदू धार्मिक नेताओं के मुताबिक इस फिल्म के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
आडवाणी ने पीके फिल्म की तारीफ की
धार्मिक संगठनों ने सेंसर बोर्ड पर भी उंगली उठाई है। उनका कहना है कि सेंसर बोर्ड ऐसी फिल्म कैसे पास कर दे रहा है। मुस्लिम धर्म गुरू मौलाना राशिद फरंगी महली ने भी पीके फिल्म का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्म का विरोध होना चाहिए जिसमें किसी धर्म के लोगों की आस्थाओं को ठेस पहुंची हो।
वहीं भाजपा सांसद और वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने पीके फिल्म की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पीके फिल्म लोगों की तार्किक सोच को और बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने इसके लिए फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी, निर्माता विधु विनोद चोपड़ा और अभिनेता आमिर खान की तारीफ की।