शाहनवाज ने आजम खां को बताया बारूद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहनवाज हुसैन ने आजम खां को ‘बारूद’ की संज्ञा देते हुए कहा कि खास किस्म की भूमिका से वह और सपा समाज को तोड़ने का काम कर रहे हैं, जबकि भाजपा जोड़ने का।
इसी भूमिका के दम पर भाजपा यूपी के चुनाव में बेहतर करेगी और बिहार के नतीजों का उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणामों या भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
बृहस्पतिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने यहां आए शाहनवाज ने कुछ वक्त ‘अमर उजाला’ दफ्तर में गुजारा। इस दौरान हुई बातचीत में उन्होंने यह तो माना कि बिहार के मतदाताओं के मन को पढ़ने में भाजपा चूक गई लेकिन साथ ही दावा किया कि इससे यूपी के चुनाव पर असर नहीं पड़ेगा।
भरोसेमंद अंदाज में बोले, एक मैच हारने का अर्थ यह नहीं है कि आगे भी हारेंगे, भाजपा 4-2 के स्कोर से आगे चल रही है। ‘सबका साथ-सबका विकास’ यूपी के बेहतर चुनावी नतीजों का आधार होगा। आजम खां की समाज को तोड़ने की बारूद जैसी भूमिका कारगर नहीं होगी।
अमर उजाला के दफ्तर में शाहनवाज
आमिर खां के बयान पर शाहनवाज ने सवालिया शैली में कहा कि अख्तियारपुर के आमिर को यह अख्तियार किसने दे दिया कि वह ऐसा बोलें? दोहराया कि आमिर डर नहीं रहे, डरा रहे हैं। उनको या उनकी पत्नी को ऐसा सोचना भी नहीं चाहिए।
इस मुल्क में रहने वाले हिंदू ही नहीं मुस्लिम भी वसुधैव कुटुम्बकम के फलसफे पर चलते हैं। भारतीय मुसलमानों को बगदादी या आईएसआएस के लिए काम करने वाले मुसलमानों के चश्मे से देखने की जरूरत नहीं है।
सहिष्णुता हर भारतीय की रगों में है, किसी को सहिष्णुता का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं। असहिष्णुता के नाम पर चंद लोग देश को बदनाम करके भारत को सुरक्षा परिषद की सदस्यता के रास्ते में अड़चन पैदा करने की साजिश रच रहे हैं।
विदेश नीति की मजबूती के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार विदेश दौरों के बीच नेपाल से रिश्तों में तल्खी के सवाल पर सीधे जवाब से बचते हुए शाहनवाज ने कहा कि वहां की सरकार अंदरूनी विरोध का सामना कर रही है। इसका असर भारतीय रिश्तों पर नहीं है, भारत सरकार लगातार इस पर निगाह रखे हुए है।