बनारस से होगा 'मिशन यूपी' का आगाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव में शानदार जीत को विधानसभा उपचुनाव में भी दोहराना चाहती है। लोकसभा चुनाव में काशी फैक्टर की सफल रणनीति को विधानसभा उपचुनाव में भी अपनाने की तैयारी है।
इसलिए उस चुनाव में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रभारी रहे और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उपचुनाव अभियान का शंखनाद काशी से करने के संकेत दिए हैं।
तिथियां कुछ आगे भी बढ़ाई जा सकती है
शाह के संकेतों के बाद प्रदेश कार्यकारिणी के साथ ही विधानसभा उपचुनाव होने वाले सभी क्षेत्रों के मंडल, जिला और महानगर इकाई भी तैयारियों में जुट गई है।
संगठन अभी 15 अगस्त के बाद प्रस्तावित अमित शाह की बैठक में इसे विधिवत तौर पर घोषित करने के मूड में है। हालांकि उम्मीद यह भी जताई जा रही है कि यदि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम तय हो गया तो तिथियां कुछ आगे भी बढ़ाई जा सकती हैं।
काशी फैक्टर के नाम लड़ा जाएगा चुनाव
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश कार्यकारिणी अगस्त के दूसरे या तीसरे सप्ताह में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम तय होने के इंतजार में है। काशी में आयोजित होने वाले मंथन में प्रदेश के उन सभी मंडल, जिला और महानगर इकाई प्रमुखों को बुलाया गया है जहां विधानसभा उपचुनाव होने हैं।
पार्टी के नेताओं का मानना है कि लोकसभा चुनाव में जिस तरह मोदी के काशी से चुनाव लड़ने के बाद जबरदस्त रूझान देखने को मिला उसे पार्टी रणनीतिकार काशी फैक्टर का नाम देते हुए एक बार फिर आजमाना चाहते हैं।
देश के लिए एक मॉडल साबित होगा काशी
इस संबंध में स्थानीय इकाई के पदाधिकारी तो कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का समय मिलते ही कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा।
उपचुनाव के लिए हम पहले से ही तैयारी कर रहे हैं। केंद्रीय नेतृत्व से जो निर्देश मिलेंगे उसका भी पालन किया जाएगा। काशी के विकास की बात जहां तक है तो वह पूरे देश के लिए एक मॉडल साबित होने वाला है।