शाह का दावा, मोदी राज में घटी महंगाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महंगाई के मुद्दे पर जमीनी स्तर पर कोई असर भले ही न हो, लेकिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की माने तो मोदी राज में महंगाई कम हुई है।
शाह का दावा है कि प्रत्येक परिवार के खर्च में डेढ़ से दो हजार रुपये की बचत हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने फिर दोहराया कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा सरकार बनाना चाहती है।
शाह शुक्रवार को मुंबई में पार्टी विधायकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि थोक बाजार में महंगाई सूचकांक शून्य पर पहुंच गया है। मोदी सरकार में अब तक के कार्यकाल में नौ बार पेट्रोल और डीजल के दाम घटाए गए हैं, जिससे प्रति परिवार के खर्च में डेढ़ से दो हजार रुपये की बचत हो रही है।
'जम्मू-कश्मीर में भाजपा चाहती है अपनी सरकार'
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि पूर्व सरकार पॉलिसी पैरालाइसिस (नीति अपंगता) से पीड़ित थी, जिससे भाजपा सरकार बाहर निकल चुकी है। उन्होंने कहा कि रोजगार का वादा पूरा करने के लिए भाजपा सरकार कौशल विकास का एक अलग मंत्रालय बनाया है।
भाजपा अध्यक्ष ने एक बार फिर दोहराया कि जम्मू-कश्मीर में हम अपनी सरकार बनाना चाहते हैं। परंतु इसको लेकर भाजपा की रणनीति क्या है, इसका खुलासा उन्होंने नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि सन 2019 तक हर राज्य में 24 घंटे बिजली हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
हर विधायक को एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
भाजपा ने महाराष्ट्र में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। शुक्रवार को मुंबई में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि राज्य में सवा करोड़ से लेकर डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाए जाएंगे।
इसके पहले उन्होंने मुंबई के गरवारे क्लब में पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों के साथ बैठक की और हर विधायक को एक लाख का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।