आप भी जान लीजिए आखिर क्या है तलाक की सबसे बड़ी वजह
भारतीय परिवारों में यौन असंतोष तलाक की एक बड़ी वजह बन रहा है। अभी तक यह चलन सिर्फ मेट्रो शहरों तक ही सीमित था लेकिन अब छोटे शहरों में भी यह चलन में आ गया है।
इसी वजह से इन शहरों के पुरुष और महिलाएं यह स्वीकार करने में भी संकोच नहीं कर रही हैं कि शादी के बाद भी उनके एक से अधिक लोगों से संबंध हैं।
आठ मेट्रो शहर समेत 20 शहरों में किए गए सर्वे के आधार पर मेडिएंज्ल्स डॉट कॉम की ओर से एक रिपोर्ट तैयार की गई है। रिपोर्ट केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अलावा मानव संसाधन विकास मंत्रालय को सौंपने की तैयारी है, ताकि स्कूली पाठ्यक्रम में सेक्स एजूकेशन को शामिल किया जाए और सेक्स के प्रति भ्रांतियों को दूर किया जाए।
अध्ययन में शामिल डॉ. देबराज शोम ने बताया कि आठ मेट्रो शहर समेत 20 शहरों में 20 से 65 आयुवर्ग के 6467 लोगों से बातचीत की गई। सर्वे में 64 फीसदी पुरुषों और 36 फीसदी महिलाओं को शामिल किया गया।
स्कूली पाठ्यक्रम में सेक्स एजूकेशन शामिल करें
सर्वे के दौरान सबसे बड़ी बात सामने आई कि दंपत्ति के बीच यौन असंतोष तलाक की सबसे बड़ी वजह है। 20 से 30 फीसदी मामलों में देखा गया कि यौन असंतोष उनका वैवाहिक जीवन खराब हुआ है।
सर्वे में 17.6 फीसदी महिलाओं और 23.6 फीसदी पुरुषों ने खुले दिल से इस बात को स्वीकार किया कि शादी के बाद भी उनके एक से अधिक पार्टनर से शारीरिक संबंध हैं।
सेक्सोलॉजिस्ट डॉ.वी.के.वाडिया ने कहा कि सेक्स के प्रति ज्ञान कम होना और उसके प्रति भ्रांतियों की वजह से कई सारी दिक्कतें आती हैं। लिहाजा सेक्स एजूकेशन को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि सेक्स एजूकेशन पर जितना परदा डाला जाएगा उतना ही उसके बारे में जानने की उत्सुकता बढ़ेगी।
इसी वजह से सर्वे रिपोर्ट को स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ-साथ मानव संसाधन विकास मंत्रालय को सौंपने की तैयारी है, ताकि सरकार इस दिशा में अपने स्तर से कदम उठा सके।