गुमला में नक्सली हमला, सात की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड के नक्सल प्रभावित गुमला जिले के सुदूर रेड़वा मुरगाटोना गांव के पास कथित रूप से नक्सलियों ने सात लोगों की हत्या कर दी है। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता अनुराग गुप्ता ने इस घटना की पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार शाम की है। मरने वाले लोग एक वाहन में उधर से गुजर रहे थे। तभी घात लगाए नक्सलियों ने उन्हें घेरकर गोलीबारी शुरू कर दी।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के हथियारबंद दस्ते ने इस घटना को अंजाम दिया है। घटनास्थल झारखंड की राजधानी रांची से करीब डेढ़ सौ किलोमीटर दूर है।
घटनास्थल में शामिल तीन की तलाश जारी
इस बीच, दक्षिणी छोटा नागपुर जोन के आरक्षी उपमहानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बीबीसी को फोन पर बताया कि गुमला के पुलिस अधीक्षक के साथ पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को घटनास्थल पर भेजा गया है। उनका कहना है कि खूंटी के पुलिस अधिकारी और जवान भी उस इलाके में कूच कर गए हैं।
दरअसल, दुरूह इलाका होने की वजह से पुलिस बलों को दो तरफ से तलाशी अभियान चलाने को कहा गया है, लेकिन अंधेरा और जंगल होने की वजह से इसमें दिक्कतें हो सकती हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या मरने वाले शांति सेना के सदस्य थे, प्रवीण कुमार ने कहा कि इस तरह की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि मारे गए सात लोगों में से चार स्थानीय मजदूर हैं।
पुलिस अन्य तीन लोगों के बारे में तहकीकात कर रही है। गुमला के कई इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ कथित तौर पर शांति सेना नाम का संगठन पुलिस की मदद कर रहा है।