हुर्रियत नेता शब्बीर शाह हिरासत में लिए गए
पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज के स्वागत समारोह में शामिल होने दिल्ली आए हुर्रियत कांफ्रेंस के नेता शब्बीर शाह को हिरासत में ले लिया गया। शनिवार की सुबह ही वे श्रीनगर से दिल्ली आए थे और पुलिस ने एयरपोर्ट पर उन्हें व दो अन्य सहयोगियों को हिरासत में ले लिया।
उल्लेखनीय है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बातचीत प्रस्तावित है। पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज रविवार को भारत आ रहे हैं।
रविवार को पाकिस्तान उच्चायोग ने सरताज अजीज के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया है। समारोह का न्योता हुर्रियत कांफ्रेंस को भी भेजा गया है। हालांकि भारत सरकार हुर्रियत नेताओं और पाकिस्तानी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की मुलाकात के खिलाफ है। हुर्रियत नेताओं को नजरबंद कर मुलाकात से दूर रहने के चेतावनी भी दी जा चुकी है।
पाकिस्तान को भी सलाह दी गई है कि उसके नेता हुर्रियत से दूर रहे हैं। हालांकि पाकिस्तान हुर्रियत नेताओं से मुलाकात पर अड़ा हुआ है।
हुर्रियत के और नेता भी दिल्ली आने वाले हैं
एनएसए सरताज अजीज के हुर्रियत नेताओं से न मिलने की भारत की सलाह को खारिज करते हुए पाकिस्तान ने कहा है कि हुर्रियत के नेता भारतीय कश्मीर के लोगों के सच्चे प्रतिनिधि हैं। वह नई दिल्ली यात्रा के दौरान अपने शीर्ष नेताओं के हुर्रियत से मिलने की स्थापित परिपाटी से नहीं हट सकते।
प्रधानमंत्री शरीफ की अध्यक्षता में सैन्य और सरकार के शीर्ष अधिकारियों की अहम बैठक के बाद विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीय उच्चायुक्त टीएसी राघवन को विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि एनएसए वार्ता के लिए कोई भी पूर्व शर्त मंजूर नहीं है।
सरताज अजीज से मुलाकात करने जेकेएलएफ के नेता यासीन मलिक भी दिल्ली आने वाले हैं। हुर्रियत के उदारवादी धड़े के नेता मीरवाइज उमर फारूक अपने समर्थकों के साथ रविवार को दिल्ली आएंगे, जबकि सैयद अली शाह गिलानी सोमवार को दिल्ली आएंगे।