रक्षा मंत्री के दिल्ली स्थित आवास की तलाशी पर रोक
गोवा की अदालत ने मनोहर पर्रिकर के घर की तलाशी के आदेश पर रोक लगा दी है। इससे पहले गोवा की स्थानीय अदालत ने मनोहर पर्रिकर के एक मामले में घर की तलाशी के आदेश दिए थे।
गोवा की अदालत ने राज्य के पूर्व मंत्री फ्रांसिसको ‘मिक्की’ पचेको को ढूंढ़ने के लिए तलाशी का आदेश दिया था।
2006 में पचेको ने बिजली विभाग के एक इंजीनियर को पीटा था, जिसके चलते पचेको को छह महीने कैद की सजा सुनाई गई है। लेकिन वह 15 दिनों से फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता एरिस रोड्रिग्ज की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने बुधवार को नई दिल्ली में स्थित परिकर के घर की तलाशी का यह आदेश दिया है।
आदेश में परिकर का नाम नहीं
कोलावा पुलिस ने कोर्ट को बताया है कि पचेको 8 अप्रैल को गोवा से मुंबई के लिए निकले थे। कोलावा पुलिस ने पचेको को भगोड़ा घोषित किए जाने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी।
कोर्ट ने पुलिस की इस याचिका को खारिज करते हुए एक नया गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, जिसके तहत 27 अप्रैल तक इस पर अमल करना जरूरी है।
उन्होंने अपनी अर्जी में कहा कि पचेको को परिकर के आधिकारिक आवास 10, अकबर रोड, नई दिल्ली के आसपास देखा गया है। रोड्रिग्ज के मुताबिक, अदालत के आदेश में परिकर का नाम नहीं है लेकिन पता रक्षा मंत्री परिकर का ही है।