इशरत जहां मामलाः 11 मार्च को सुनवाई करेगी SC!
इशरत जहां एनकाउंटर मामले में पुलिस अधिकारियों पर चल रहे आपराधिक मामलों को बंद करने की गुहार संबंधी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 11 मार्च को सुनवाई कर सकता है।
याचिका में मुंबई हमले के दोषी डेविड हेडली के उस बयान का हवाला दिया गया है, जिसमें उसने कहा था कि इशरत जहां और उसके तीन सहयोगी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हुए थे और वे गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या करने की फिराक में थे।
इस कथित फर्जी एनकाउंटर के मामले में तत्कालीन डीआईजी डीजी बंजारा सहित कई पुलिस अधिकारी मुकदमा झेल रहे हैं।
'अदालत के समक्ष झूठ बोलने पर हो कार्रवाई'
यह याचिका एडवोकेट एमएल शर्मा ने दाखिल की है। शर्मा ने पिछले मंगलवार को चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष इस पर जल्द सुनवाई की गुहार लगाई थी।
शर्मा ने अपनी याचिका में कहा है कि सुप्रीम कोर्ट को स्वत: संज्ञान लेकर तत्कालीन गृह मंत्री और सीबीआई निदेशक के खिलाफ अवमानना समेत अदालत के समक्ष झूठ बोलने को लेकर कार्यवाही करनी चाहिए।
याचिका में कहा गया है कि इन लोगों ने इशरत जहां मामले में सुप्रीम कोर्ट और गुजरात हाईकोर्ट को गुमराह करने की कोशिश की और गलत तथ्य पेश किए।