रामसेतु पर जल्द सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार
रामसेतु और सेतुसमुद्रम परियोजना पर केंद्र सरकार को अपना पक्ष का रखने के लिए निर्देश देने संबंधी भाजपा नेता सुब्रह्मणयम स्वामी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने जल्द सुनवाई से इनकार किया है।
बृहस्पतिवार को चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने स्वामी से कहा कि इसमें जल्द सुनवाई की दरकार नहीं है। जब तक रामसेतु को छुआ नहीं जाता, आपको परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पीठ ने स्वामी से कहा कि अगर रामसेतु को छूने की कोशिश की जाती है तो आप बेशक हमारे पास आ सकते हैं।
स्वामी ने लगाई थी गुहार
इससे पहले स्वामी ने इस मामले की जल्द सुनवाई की गुहार करते हुए पीठ से कहा
कि केंद्र सरकार को इस संबंध में जवाब दाखिल करने के लिए कहा जाए।
स्वामी
का कहना है कि अदालत से बाहर केंद्र सरकार कह चुकी है कि रामसेतु को नहीं
छेड़ा जाएगा।
मालूम हो कि गत 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने इस संबंध में
केंद्र सरकार को चार हफ्ते के भीतर जवाब देने के लिए कहा था। गौरतलब है कि
सेतुसमुद्रम परियोजना का राजनीतिक दल, पर्यावरणविद् सहित कई हिंदू संगठन
लगातार विरोध कर रहे हैं।