खास एजेंडे पर जुटा संघ, बनाई अलग रणनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिंदू धर्म को छोड़कर दूसरा धर्म अपनाने वाले लोगों की घर वापसी के काम को अब और गति प्रदान करेगा। संघ बिछड़ों की घर वापसी के काम को धर्म जागरण मंच के जरिए अंजाम देता है।
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने धर्म जागरण के काम में जुटे नेताओं से बिछड़ों की घर वापसी अभियान को तेज करने का आह्वान किया है। साथ ही संघ प्रमुख ने इस लक्ष्य को अंजाम देने के लिए चमक दमक और प्रचार माध्यमों से दूरी बरतने की सलाह दी है।
बताया जाता है कि संघ प्रमुख भागवत ने धर्म जागरण के काम में विशेष रुचि दिखाई है। संघ ने ऐसे गरीब लोगों के लिए अपने स्तर से सामाजिक एवं आर्थिक मदद की भी तैयारी की है।
बिछड़ों की घर वापसी की कवायद तेज करने के प्रयास में भागवत ने बीते हफ्ते धर्म जागरण मंच से जुड़े देशभर के 1300 कार्यकर्ताओं को नागपुर बुलाया था।
बिछड़ों की घर वापसी तेज करेगा संघ
तीन दिनों तक चली बैठक में भागवत पूरे समय मौजूद रहे। यही नहीं उन्होंने इस काम की कमान अपने भरोसेमंद प्रचारक मुकुंदराव पडसीकर को सौंपी है। पडसीकर संघ के वरिष्ठ प्रचारकों में माने जाते हैं, जिनका केंद्र मुंबई है।
सूत्रों के अनुसार धर्म जागरण के काम में जुटे नेताओं को संघ नेतृत्व की ओर से नई रणनीति के साथ देशभर में बिछड़ों की घर वापसी के काम में तेजी लाने को कहा गया है।
नेताओं से कहा गया है कि वे समाज के निचले स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करें। साथ ही उन्हें हर जिला एवं तहसील स्तर पर नए-नए कथावाचक और प्रवचनकर्ता तैयार करने को कहा गया है।
संघ प्रमुख भागवत ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे बड़े धर्मात्माओं के बजाय निचले स्तर पर नए धर्मात्मा बनाएं। इन धर्मात्माओं के जरिए संघ की रणनीति हिंदू धर्म छोड़कर गए लोगों की दोबारा से हिंदू धर्म में वापसी कराना है।
अब तक संघ अपनी इस रणनीति को आदिवासी क्षेत्रों में ही अंजाम देता रहा है लेकिन अब वह गांव-शहर सभी जगह अपने कदम बढ़ाएगा।