संघ और सरकार करेंगे मुद्दों पर 'मंथन', जानिए क्या होंगे मुद्दे?
नरेंद्र मोदी सरकार के साथ विवादित मुद्दों पर एक राय बनाने के लिए संघ, सरकार और भाजपा के बीच होने वाली समन्वय बैठक सितंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली में होगी।
सूत्र बताते हैं कि यह बैठक दो से चार सितंबर तक चलेगी। इसमें सरकार के साथ विवाद के विषयों पर चर्चा होगी। धर्म के आधार पर जनसंख्या के आंकड़े सार्वजनिक होने और बिहार चुनाव के मद्देनजर यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।
वहीं मोदी सरकार के आर्थिक एजेंडे की थम रही रफ्तार के अलावा देश के कृषि संकट पर भी मंथन होगा। बताया जा रहा है कि मोदी सरकार आने के बाद संघ और सरकार के शीर्ष नेतृत्व के बीच इस बात की सहमति पहले ही बन चुकी है कि विवाद के मुद्दों को बैठ कर सुलझाएंगे।
लेनी है सहमति
दोनों के बीच समय-समय पर समन्वय बैठक बुलाने की सहमति बनी थी। इस प्रयास के
तहत ही सितंबर के पहले सप्ताह में सरकार, भाजपा और संघ संगठनों की समन्वय
बैठक बुलाई गई है।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में मोदी सरकार के शीर्ष
मंत्री, संघ के शीर्ष पदाधिकारी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और संगठन
महामंत्री राम लाल के अलावा संघ के अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख भी उपस्थित
रहेंगे।
सरकार को भूमि अधिग्रहण बिल के अलावा श्रम सुधारों पर संघ के
संगठनों की सहमति लेनी है।
कसे जाएंगे पेंच
साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देने को लेकर कृषि
मंत्रालय के पेंच कसे जाएंगे। इसके अलावा बिहार चुनाव और पूर्वोत्तर भारत
के मामलों पर भी चर्चा होने के आसार हैं।
भगवा परिवार के लिए बिहार चुनाव
के परिणाम अहम हैं। तो गुजरात में फैली आरक्षण की आग भी उसकी चिंता बढ़ा
रही है। इस पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है।
इसके अलावा देश की शिक्षा
नीति के साथ मोदी सरकार के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा भी होगी।