मंत्री ने कहा ओवैसी की तरह काम करती है सनातन संस्था
विवादित दक्षिणपंथी संगठन सनातन संस्था ने उन आरोपों को खारिज किया है, जिसमें कहा गया था कि उसके साधक सम्मोहन के जरिए किसी व्यक्ति को मार सकते हैं।
इसी संस्था के एक सक्रिय सदस्य समीर गायकवाड़ पर वरिष्ठ वामपंथी नेता गोविंद पनसारे की हत्या का आरोप है। इन आरोपों के बाद सनातन संस्था के कामकाज पर सवाल उठने लगे हैं
इस बीच महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री और भाजपा नेता एकनाथ खड़गे ने यह कहकर विवाद को और गहरा कर दिया है कि कट्टरपंथी मुस्लिम नेता असादुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम की तरह सनातन संस्था भी हिंदुत्व की बात करती है।
माधव हिंदू विरोधी!
दरअसल, ऑल इंडिया अंध-श्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर श्याम माधव ने सनातन संस्था पर सम्मोहन के जरिए किसी व्यक्ति की हत्या का आरोप लगाया था। इस पर संस्था के प्रवक्ता अभय वर्तक ने कहा कि संस्था श्याम माधव के आरोप को खारिज करती है।
सम्मोहन में किसी व्यक्ति की हत्या की शक्ति नहीं होती। उन्होंने कहा कि माधव हिंदू विरोधी हैं और उन्हें समाज से माफी मांगनी चाहिए। इस बीच खड़गे के बयान से राज्य की राजनीति गरमा गई है।
राज्य भाजपा के प्रवक्ता माधव भंडारी ने कहा कि खड़गे का कहने का मतलब यह था कि जो काम एआईएमआईएम मुस्लिमों के लिए करती है वही काम सनातन संस्था हिंदुओं के लिए करती है।
एआईएमआईएम पर भी प्रतिबंध की मांग की जा रही है लेकिन केवल कुछ संगठनों की मांग से सरकार किसी पर प्रतिबंध नहीं लगा सकती।