अब सलमान का ड्राइवर बोला, 'मैंने मारी टक्कर'
2002 के 'हिट एंड रन' मामले में मुंबई की एक अदालत में पेश हुए सलमान ख़ान के ड्राइवर अशोक सिंह ने कहा है कि घटना के वक़्त वो गाड़ी चला रहे थे। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार अशोक सिंह ने अदालत से कहा कि गाड़ी सलमान ख़ान नहीं चला रहे थे।
इससे पहले पिछले हफ़्ते सलमान ख़ान ने अदालत से कहा था कि वो उस दिन गाड़ी नहीं चला रहे थे। 28 सितंबर, 2002 को सलमान ख़ान की कार से बांद्रा की फ़ुटपॉथ पर सोए पांच लोग कुचले गए थे, जिनमें एक की मौत हो गई थी और चार लोग घायल हुए थे।
सलमान पर आरोप है कि वो उस दिन नशे ही हालत में गाड़ी चला रहे थे। लेकिन सलमान ने अदालत ने कहा कि न वे नशे में थे और न ही गाड़ी चला रहे थे। सलमान ख़ान ने इससे भी इनकार किया था कि वे दुर्घटना के बाद मौक़े से भाग गए थे।
चश्मदीद ने सलमान की पहचान की थी
सलमान ने अदालत को बताया कि उन्होंने ही अपने ड्राइवर से कहा था कि वे पुलिस को सूचित करें. सलमान ने अदालत के सामने ये भी दावा किया कि वे वहाँ 15 मिनट तक रहे।
हादसे के एक प्रत्यक्षदर्शी गवाह ने मुंबई की ट्रायल कोर्ट को पिछली सुनवाई के दौरान नौ अक्तूबर को कहा था कि कार चालक की सीट पर सलमान ख़ान बैठे थे। जुहू के जेडब्ल्यू मेरिएट होटल के इस स्टॉफ़र ने सलमान की पहचान गाड़ी चालक के तौर पर की थी।
गवाह ने बताया था कि पार्किंग स्टॉफ़ के तौर पर उसने देखा था कि जब सलमान की लैंड क्रूजर होटल से निकली थी तब वे उसे चला रहे थे, जबकि सलमान का बॉडीगॉर्ड उनकी दाईं ओर बैठा था और गायक कमाल ख़ान पीछे वाली सीट पर थे। लेकिन सलमान ख़ान का दावा है कि उनकी साइड का दरवाज़ लॉक हो गया था, इसलिए वे ड्राइवर की साइड से गाड़ी से उतरे थे।
क्या हो सकती है सज़ा?
हिट एंड रन मामले के गुम हुए दस्तावेज़ों के मिलने के बाद पिछले 24 सितंबर से मामले की सुनवाई नए सिरे से शुरू हुई।
इस मामले में पहले सलमान पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला चल रहा था, लेकिन अब 48 साल के अभिनेता पर ग़ैर-इरादतन हत्या का आरोप है। अगर इस मामले में सलमान ख़ान दोषी पाए गए तो उन्हें दस साल तक की क़ैद की सज़ा हो सकती है।