सलीम खान ने की मोदी की वेबसाइट लॉन्च
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान ने बुधवार को यहां भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की वेबसाइट का उर्दू संस्करण लॉंच किया। लेकिन उन्होंने साफ कहा कि वह नहीं बताएंगे कि उनका परिवार किसे वोट देगा।
सलीम खान ने इस मौके पर मोदी पर गुजरात दंगों के आरोपों का बचाव किया और कहा कि चूंकि वे दंगों के बाद भी चुनाव जीतते रहे हैं, इसलिए निशाने पर रहते हैं।
उन्होंने कहा कि दंगे किसी एक आदमी के कारण नहीं, बल्कि वे लोगों के आपसी मतभेदों के कारण होते हैं। जबकि कुछ लोग इन्हें भुनाने की कोशिश करते हैं।
मोदी को दिया था आइडिया
सलीम खान ने कहा कि उन्होंने मोदी को अपनी उर्दू वेबसाइट बनाने का आइडिया दिया था और उन्हें खुशी है कि यह साइट बनी। उन्होंने बांद्रा के गेलेक्सी अपार्टमेंट स्थित अपने घर में यह वेबसाइट लॉंच की।
इस मौके पर भाजपा की प्रवक्ता शाइना एनसी और मोदी के नजदीकी मित्र जफर सरेसवाला भी मौजूद थे। सलीम खान ने कहा कि उर्दू वेबसाइट मुस्लिमों को लुभाने के लिए नहीं है। उनके अनुसार उर्दू इस देश की भाषा है, जो इसी जमीन पर पैदा हुई और पनपी।
वैसे इस फिल्म स्क्रिप्ट राइटर का मोदी से जुड़ना कांग्रेस के लिए किसी झटके से कम नहीं है क्योंकि सलीम खान ने कहा है कि वह वर्षों तक कांग्रेस के प्रति वफादार रहे हैं। लेकिन इन दिनों वे इस पार्टी से कुछ निराश हैं।
मोदी से है पुराना परिचय
क्या इसका मतलब निकाला जाए कि सलमान के पिता और उनका परिवार भाजपा को वोट देगा? सलीम खान ने कहा कि ऐसा नहीं है। मैं उस व्यक्ति को वोट दूंगा जिसने हमारे इलाके में अच्छा काम किया।
उन्होंने कहा कि लोगों को इसी आधार पर वोट देना चाहिए कि उनके इलाके में किस उम्मीदवार ने जनहित के काम किए हैं। मोदी से मित्रता के बारे में सलीम खान ने कहा कि वह मुझे मेरे लेखन से जानते हैं। हमारा एक-दूसरे से पुराना परिचय है।
उन्होंने कहा कि मोदी ने जिस तरह से गुजरात में विकास कार्य किया, उसे देखते हुए उन्हें देश की कमान कम से कम एक बार सौंपी जा सकती है। उन्होंने कहा कि भारत में मुस्लिम बहुत सुरक्षित हैं। उन्हें केवल रोजगार के अच्छे मौकों और शिक्षा की जरूरत है।
सलमान को मोदी ने कराया था डिनर
सलीम खान ने कहा कि ‘जय हो’ के दौरान सलमान द्वारा मोदी की तारीफ को लेकर हुआ विवाद बेकार था। उन्होंने बताया कि सलमान और उनके भाइयों का अहमदाबाद यात्रा के दौरान मोदी ने जोरदार स्वागत किया था। उन्होंने सभी को डिनर पर बुलाया था।
सलीम खान के अनुसार मोदी ने गुजरात को तरक्की की राह पर बढ़ाया है और उन्हें इसका श्रेय दिया जाना चाहिए। उनसे जब सलमान की शादी पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह बात तो ऊपर वाला भी नहीं जानता फिर मैं कैसे बता सकता हूं।