मोदी से मिले सलमान, जानें PM पर क्या कहा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सियासत और सिनेमा ने जब-जब हाथ मिलाया, कुछ मामलों में नतीजे शानदार रहे, कुछ मामले में औंधे मुंह भी गिरे। लेकिन नेता-अभिनेता की मुलाकात आज भी उतनी सुर्खियां बटोरती है, जितना जलवा अरसा पहले था।
और जब नेता नरेंद्र मोदी हों और अभिनेता सलमान खान, तो यह मुलाकात, केवल मुलाकात नहीं रह जाती है। इसके कई मायने निकाले जाते हैं और उनके हर कदम का अलग ही मतलब बनता है।
अहमदाबाद में मंगलवार को सलमान खान और नरेंद्र मोदी ने साथ मिलकर पतंगबाजी की। लेकिन सलमान ने असली पतंग मीडिया के सवालों का जवाब देते वक्त़ उड़ाई, जिससे एक बार तो शायद मोदी भी चकरा गए। आइए जानें उन्होंने क्या-क्या कहा?
मोदी की तारीफ, लेकिन PM पर सधे बोल
अपनी नई फिल्म 'जय हो' का प्रमोशन करने गुजरात पहुंचे सलमान खान ने मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और बाद में पतंगबाजी का लुत्फ भी लिया।
सलमान ने विकास को लेकर मोदी की तारीफ के पुल बांधें, लेकिन यह कहने से बचते दिखे कि वह उन्हें प्रधानमंत्री के पद पर देखना चाहते हैं।
मीडिया के सवालों का जवाब देते वक्त सलमान ने बेहद चौंकन्ना रुख अपनाया। वह न मोदी को खफा करना चाहते थे और न ही उनकी वकालत करते दिखना चाहते थे। इसलिए मामला काफी दिलचस्प बन गया।
'मोदी अच्छे हैं, खूब विकास किया'
जब सलमान खान से पूछा गया कि वह किसी प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, तो उन्होंने सधे शब्दों में कहा, "मुझे लगता है कि जो सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति है, वह देश का प्रधानमंत्री बनना चाहिए। और यह आपको तय करना है कि हमारे देश के लिए बेस्ट कौन है।"
बॉलीवुड स्टार से जब बराबर में खड़े नरेंद्र मोदी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मोदी साब अच्छे व्यक्ति हैं। गुड मैन मेरे सामने खड़े हैं।"
गुजरात चमकाने को लेकर उन्होंने मोदी की पीठ थपथपाते हुए कहा, "मैं चार साल बाद यहां आया हूं और काफी विकास दिख रहा है। मैं गुजरात का नहीं हूं। आप यहां के हैं, आप बताइए कि आप किसे चाहते हैं, अगर मोदी आपके लिए बेस्ट हैं, तो उनके साथ जाइए। लेकिन यह आपको तय करना है।"
'बेस्ट मैन को वोट देना जरूरी'
फिल्म प्रमोशन को सबसे अहम बताते हुए सलमान खान ने कहा, "मैं यहां आया हूं मोहब्बत और सपोर्ट के लिए। अपनी फिल्म जय हो के प्रमोशन के लिए।"
उन्होंने कहा, "मोदी साब से मुलाकात हुई, मुझे बहुत अच्छा लगा। आप लोगों के चेहरे पर खुशी देकर और अच्छा लग रहा है। लेकिन जब वोट देने का सवाल होता है, हर क्षेत्र में अलग तरह से वोट दिया जाता है। बेस्ट मैन को वोट दिया जाता है।"
सलमान ने कहा, "आपके लिए मोदी बेस्ट हैं, तो उन्हें वोट दीजिए। मैं जुहू से आया हूं, वहां बाबा सिद्दकी और प्रिया दत्त मेरे इलाके की नुमाइंदगी करते हैं और मेरे लिए वो अच्छे हैं।"
'मोदी की तकदीर में जो हो, उन्हें जरूर मिले'
इसके बावजूद जब मीडियाकर्मियों ने जब बार-बार पीएम पद को लेकर मोदी के बारे में पूछा, तो सलमान ने एक बार फिर संभलते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, "मोदी जी की तकदीर में है, वो उन्हें जरूर मिले।"
उन्होंने कहा, "आपका मानना है कि मोदी ने गुजरात को चमका दिया है। उसकी सूरत बदल दी है। आपके लिए इनसे बेहतर कौन हो सकता है।"
उन्होंने राजनीति से दूरी बरतने की कोशिश करते हुए कहा, "मैं फिल्म लाइन का हूं, फिल्मों के बारे में जो कुछ भी पूछ लीजिए। लेकिन राजनीति में मेरी जानकारी सीमित है, इसलिए मैं इस विषय में फंस जाऊंगा। हो सकता है कि पत्रकार होने के नाते आपको मेरा फंसना अच्छा लगे, लेकिन इंसान के तौर पर आपको भी यह बात पसंद नहीं आएगी।"
'मेरे वालिद, मोदीजी के बीच अच्छे रिश्ते'
बॉलीवुड अभिनेता ने कहा कि इस वक्त हम सभी परेशान हैं और इन दिक्कतों का समाधान मिलना चाहिए। भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के हरेक देश में बेस्ट मैन को प्रधानमंत्री बनना चाहिए।
व्यक्तिगत राय पूछने पर सलमान ने कहा, "पर्सनल ऑपिनियन है कि वह (मोदी) बहुत अच्छे हैं। उन्होंने काफी कुछ किया है। उन्हें ऑल द बेस्ट। मैं पहली बार मिला हूं और आगे बार-बार मिलना चाहता हूं। मेरे वालिद साहब और मोदीजी की बातचीत होती रहती है और वह उन्हें काफी पसंद करते हैं।"
इसके बाद मोदी ने सभी को मकर संक्रांति, पोंगल ओणम, बिहू की शुभकामनाएं दीं और सलमान खान का शुक्रिश अदा किया। इससे पहले मोदी और सलमान खान ने पतंगबाजी की।
भाजपा विरोधियों का सलमान पर हमला
कांग्रेस ने सलमान खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बॉलीवुड अभिनेता ने जो कहा है, वह सही है। सभी को अपने-अपने लोकसभा क्षेत्र के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति को वोट देना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह जीते।
लेकिन उन्होंने आगे कहा, "मैं सलमान खान से आग्रह करूंगा कि अहमदाबाद जाकर घूम लें, जहां आज भी तबाही के निशां मौजूद है, अगर वह ऐसा करेंगे, तो उनकी राय बदल जाएगी।"
जनता दल युनाइटेड के अली अनवर ने कहा कि इन लोगों की बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा, "इनका क्या है? जब पैसा मिला, तो सैफई में नाच रहे थे माधुरी दीक्षित के साथ। इन्हें क्या मतलब है कि गोधरा में क्या हुआ। बच्चे मर रहे हैं। मुजफ्फरनगर में मौतें हो रही हैं। बीमारी और ठंड से मर रहे हैँ। इन लोगों के लिए पैसा हजम, खेल खत्म!"