सलमान खान ने पूरी की पाकिस्तानी अब्दुल की ख्वाहिश
(फोटो: साभार द हिंदू)
पाकिस्तान से लिवर की गंभीर बीमारी का इलाज कराने भारत आए 11 साल के अब्दुल बाशित से बॉलीवुड के 'दबंग' सलमान खान ने मुलाकात कर इस बच्चे को एक अनोखी खुशी दी। यह बच्चा अपने जन्म के बाद से पीलिया की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था।
तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा अब्दुल बाशित क्रिग्लर नज्जर सिंड्रोम से पीड़ित था। यह बीमारी एक लाख शिशुओं में से किसी एक शिशु को होती है। इस बीमारी के कारण रक्त के बिलीरुबिन में एक जहरीला पदार्थ जन्म ले लेता है, जो बेहद घातक होता है।
अंग्रेजी अखबार द हिंदू के मुताबिक दिल्ली के अपोलो अस्पताल में सफल इलाज के बाद इस बच्चे और उसके परिवार ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से मिलने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद सलमान ने इस परिवार से मुलाकात की।
बेहद घातक है यह बीमारी
इस बीमारी में मस्तिष्क घात और सुनने की क्षमता खोने का डर भी रहता है। अब्दुल को इस खतरे से बचाने के लिए उसके बिलीरुबिन स्तर को बढ़ने से रोका गया, जिसके लिए जन्म के दो माह बाद तक फिजियोथैरेपी के तहत उसका इलाज किया गया।
पाकिस्तान में शुरुआती इलाज से अब्दुल को जब कोई फायदा नहीं हुआ तो चिकित्सकों को उसका एकमात्र इलाज लिवर ट्रांसप्लांट में नजर आया और बच्चे को इलाज के लिए दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां अब्दुल का सफलतापूर्वक लिवर ट्रांस्पलांट किया गया।