हिट एंड रन केस : सलमान के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी
हिट एंड रन मामले में हाईकोर्ट से अभिनेता सलमान खान को राहत मिलने के बाद अभियोजन पक्ष इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए एक अपील दायर करने पर विचार चल रहा है। अभियोजन पक्ष के वकील कार्यालय के सूत्रों से यह जानकारी मिली है।
सूत्रों के मुताबिक इसका एक प्रस्ताव महाराष्ट्र गृह विभाग को भेजा गया है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट में अपील करने की बात भी शामिल की गई है।
अभियोजन को यकीन है कि इस मामले में इतना दम है कि इसके के लिए सुप्रीम कोर्ट में अपील की जा सकती है। सरकारी वकील एसएस शिंदे ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उनके विभाग ने ऐसा प्रस्ताव भेजा है। हालांकि उन्होंने इस बारे में ज्यादा बताने से इनकार कर दिया।
सलमान के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक अगर अपील दायर की जाती है, तो इस दौरान होने वाली सुनवाई में सलमान के पूर्व सुरक्षा गार्ड व पूर्व कांस्टेबल रवींद्र पाटिल के बयान पर बहस होगी।
हाईकोर्ट ने हालांकि पाटिल के बयान में विसंगति का हवाला देते हुए इसे अपनाने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद सलमान को 2002 के इस मामले से बरी कर दिया गया था।