सलमान खुर्शीद ने मोदी को कहा 'नर्सरी का बच्चा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के मोदी की तुलना नर्सरी स्कूल के बच्चे से किए जाने के बयान पर भाजपा ने सख्त नाराजगी जाहिर की है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने खुर्शीद की टिप्पणी को बकवास बताते हुए कहा है कि वह अदालत का अपमान कर रहे हैं। निचली और उच्च अदालत का क्या मतलब है? अदालत तो अदालत है। मामला न्यायालय में था जिसने मोदी जी को क्लीन चिट दे दी।
उच्चतम न्यायालय की गठित विशेष जांच दल ने भी क्लीन चिट दे दी है। इसके बावजूद लोग 2002 गुजरात दंगे को उठाना चाहते हैं।
'मोदी की लोकप्रियता से कांग्रेस हताश'
जावड़ेकर ने कहा मोदी की लोकप्रियता के बढ़ते ग्राफ से कांग्रेस हताश है और हताशा में ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी के गुजरात दंगों के बारे में बहस करने से उन्हें कोई फायदा नहीं मिलने वाला।
क्योंकि गुजरात में मुस्लिम और समाज के अन्य सभी वर्ग इस सबसे आगे बढ़ चुके हैं। वे त्वरित उन्नति चाहते हैं। खुर्शीद हताश और निराश हैं। इसीलिये वह गलत भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
गौरतलब है कि खुर्शीद ने ताजा विवाद खड़ा करते हुए उन दावों को लेकर नरेंद्र मोदी की तुलना नर्सरी के बच्चे से की जिनमें उन्हें 2002 के गुजरात दंगा मामले में एक निचली अदालत ने क्लीन चिट दी है।
मोदी को मिले क्लीन चिट पर खुर्शीद का बयान
गौरतलब है कि खुर्शीद ने कहा कि मोदी को निचली अदालत से मिला क्लीन चिट वैसे ही है जैसे कि नर्सरी में पढ़ने वाले बच्चे को अच्छा ग्रेड मिले और यह सोचने लगे कि वह एक डॉक्टर बन गया है और वह पीएचडी होने का दावा करने लगे। यह कैसे हो सकता है?
खुर्शीद की यह टिप्पणी राहुल गांधी के गुजरात के मुख्यमंत्री मोदी को क्लीन चिट मिलने की बात को खारिज किये जाने के दो दिन बाद आयी है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक साक्षात्कार में गुजरात दंगों के दौरान शासन के स्पष्ट और अक्षम्य तौर पर असफल रहने के लिए कानूनी जवाबदेही की मांग करते हुए मोदी को दी गई क्लीन चिट को खारिज किया था और कहा था कि क्लीन चिट की बात करना अभी जल्दबाजी होगी।