संभल में भीषण सड़क हादसा, दो भाइयों समेत चार की मौत
संभल-चंदौसी मार्ग पर ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में चचेरे-तहेरे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में होमगार्ड सहित पांच लोग घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक फरार हो गए। गुस्साए परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। आधा घंटे बाद पहुंचे तहसीलदार ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के एंचौली गांव निवासी गंगाराम का बेटा रामौतार (32) और उसके तहेरे भाई राजवीर (37) पुत्र होराज को अपने परिवार के लोगों के साथ गुरैठा गांव जाना था। यहां पर राजवीर की बहन ओमवती की ननद का लग्न कार्यक्रम था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे सभी मोहम्मदपुर टांडा गांव से दूध की मैक्स पिकअप में बैठ गए। साथ ही ढकारी गांव का सतवीर (40) भी पिकअप में बैठ गया।
इतनी जबरदस्त थी टक्कर कि पिकअप के परखच्चे उड़े
संभल-चंदौसी मार्ग पर संभल की तरफ से जा रहे ट्रक ने मैक्स पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में बैठे रामौतार, राजवीर, सतवीर और करेली गांव के समरपाल (35) ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में भारतल मदापुर गांव के होमगार्ड गुरुसुख, एंचौली गांव के मूर्ति, सतपाल समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे के दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने तीन की हालत गंभीर देख मुरादाबाद रेफर कर दिया।
उधर, मृतकों के परिवार वाले घटना स्थल पर पहुंचे तथा ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। आधा घंटे तक लगे जाम के बाद तहसीलदार नवनीत गोयल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर किसी तरह जाम खुलवाया।