अमरनाथ यात्रा से लौट रहे यात्रियों को फौजियों ने पीटा
लोहित एक्सप्रेस में अमरनाथ यात्रा से लौट रहे यात्री को दो फौजियों ने पीट दिया।
यात्रियों की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़कर मुरादाबाद जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मुरादाबाद के रहने वाले धर्मेंद्र सिंह परमार अमरनाथ यात्रा के वापस लौट रहे थे। लोहित एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में उनका रिजर्वेशन था।
गुरुवार को सुबह साढ़े नौ बजे के लगभग ट्रेन लक्सर स्टेशन पर पहुंची। उस समय धर्मेंद्र सिंह दांत साफ कर कुल्ला करने के लिए दरवाजे के पास लगे वॉश बेसिन पर गए। दरवाजे पर दो युवक खड़े हुए थे।
मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपी भेजे गए जेल
जब उनसे हटने के लिए कहा तो उन्होंने इनकार कर दिया। इस बात को लेकर तीनों में कहासुनी हो गई और युवकों ने धर्मेंद्र सिंह को पीटना शुरू कर दिया।
शोरशराबा होने पर उनके धर्मेंद्र के साथियों ने उन्हें बचाया। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
ट्रेन के मुरादाबाद पहुंचने पर दोनों युवकों का जीआरपी ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रुद्र बहादुर क्षेत्री और वासुदेव सुयाल बताया।
दोनों राष्ट्रीय रायफल्स के सिपाही हैं और इन दिनों जम्मू में तैनात हैं। जीआरपी ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।