वाड्रा बोले, खुद VVIP लिस्ट से हटाऊंगा अपना नाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा ने एक बार फिर केंद्र सरकार से अपना नाम एयरपोर्ट पर तलाशी से मिलनी वाली छूट की लिस्ट से हटाने को कहा है।
अपने फेसबुक पोस्ट में वाड्रा ने लिखा है कि मैं योजना बना रहा हूं कि देश के हर एयरपोर्ट पर जाकर अपना नाम वीवीआईपी लिस्ट से खुद हटा दूं और अपने नाम के ऊपर सफेद टेप चिपका दूं तथा उस पर अपने हस्ताक्षर कर दूं।
वहीं वाड्रा के बयान पर नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि फेसबुक पर लिखने की बजाय वाड्रा को यह सुविधा खत्म करने के लिए लिखित में देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वाड्रा लिखित में दे दें कि वह अपना नाम वीआईपी लिस्ट में नहीं चाहते हैं तो उनका नाम इस लिस्ट से 3 दिन के अंदर हटा लिया जाएगा।
3 दिन में हटा लिया जाएगा वीआईपी लिस्ट से नाम
सरकार की तलाशी से छूट हासिल सूची में नाम होने के चलते वाड्रा को देशभर के किसी भी एयरपोर्ट पर तलाशी नहीं देनी पड़ती है। हालांकि यदि वाड़ा का नाम इस विशिष्ट लिस्ट से हटा दिया जाता है तो एसपीजी सुरक्षाधारी के साथ यात्रा करने के बावजूद उन्हें देशभर के एयरपोर्ट पर तलाशी देनी पड़ेगी।
वाड्रा की पत्नी प्रियंका गांधी को एसपीजी सुरक्षा मिली हुई है। पहले केंद्र सरकार ने ऐसे संकेत दिए थे कि वाड्रा का नाम तलाशी से छूट हासिल लिस्ट से हटा लिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
इसके बाद से ही वाड्रा लगातार ट्वीट और फेसबुक पोस्ट के जरिए केंद्र को अपना नाम लिस्ट से हटाने की चुनौती दे रहे हैं। पिछले हफ्ते भी वाड्रा ने सरकार के रुख पर निशाना साधते हुए कहा था कि तलाशी से छूट हासिल लिस्ट से उनका नाम नहीं हटाने के पीछे उनकी छवि को खराब करने की साजिश है।