शादी से इनकार किया तो युवती को जिंदा जलाया
खेतासराय थानाक्षेत्र के एक गांव में सोमवार को शादी से इनकार करने पर एक युवक ने युवती को जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवती जिला अस्पताल में मीडिया के सामने बयान देकर बेहोस हो गई।
बताया जाता है कि एक गांव की निवासी युवती सोमवार को दिन में साढ़े 11 बजे के आसपास घर में अकेली थी। उसके पिता किसी काम से पास के ही गांव गए थे। इसी बीच वह गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास के लोग उसे सोंधी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में युवती ने मीडिया को बताया कि मैं घर में अकेली थी तभी पड़ोसी गांव का एक युवक आया और कहा कि मुझसे शादी करोगी। मैंने इनकार किया तो उसने पास में रखा केरोसिन का डिब्बा मेरे ऊपर उड़ेल दिया और आग लगा दी। इसके बाद युवती अचेत हो गई।
90 फीसद तक झुलसी पीड़िता
जानकारी मिलने के बाद खेतासराय पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए जिला अस्पताल पहुंच गई। हालांकि देर शाम तक वह होश में नहीं आई थी। चिकित्सकों के मुताबिक युवती 90 फीसदी तक झुलस गई है।
इस बारे में खेतासराय थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने कहा कि मुझे भी पता चला है, लेकिन युवती का बयान लिए बिना कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस बयान लेने के लिए अस्पताल में मौजूद है। जैसे ही उसे होश आएगा, उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।