पांचवें चरण में भी खूब बरसे वोट, क्या कहती है वोटिंग?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कड़ी है टक्कर: अभी इन 121 सीटों में से 43 पर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का कब्जा है, जबकि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के पास 46 सीटें हैं। इस बार भी इन सीटों पर कड़ा मुकाबला है।
दिग्गजों का भाग्य दांव पर: सुशील कुमार शिंदे, वीरप्पा मोइली, सीपी जोशी, गोपीनाथ मुंडे, मेनका गांधी, शत्रुघ्न सिन्हा, सचिन पायलट, एचडी देवगौड़ा, गुलाम नबी आजाद, नंदन नीलेकणी, बीएस येदियुरप्पा, जसवंत सिंह, राज्यवर्धन राठौड़, बाइचुंग भूटिया, अशोक चव्हाण, मीसा भारती, आरके सिंह, सुप्रिया सुले समेत कई दिग्गजों की किस्मत पांचवें चरण में ईवीएम में बंद हो गई है।
232 सीटों पर हुआ फैसला: लोकसभा की 543 सीटों के लिए नौ चरणों वाली इस चुनाव प्रक्रिया में पांचवां चरण संपन्न होने साथ ही अब तक 232 सीटों पर मतदान हो चुका है। अब बाकी चार चरणों में 24 अप्रैल, 30 अप्रैल, 7 मई और 12 मई को वोट डाले जाएंगे। 16 मई को चुनाव परिणाम घोषित होंगे।
पांचवें चरण्ा में 121 सीटों पर मतदान
नौ चरणों वाले लोकसभा चुनाव के सबसे बड़े मुकाबले में गुरुवार को 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 121 सीटों पर जमकर मतदान हुआ।
पिछले चारों चरणों की तरह पांचवें चरण में भी कई जगह रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुईं और देर शाम तक मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। इस चरण में 1769 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है।
मुख्य तौर पर इस चरण का मतदान ही तय करेगा कि केंद्र में किस पार्टी की सरकार बनेगी।
यूपी में करीब 62.52 फीसदी मतदान
यूपी में 11 सीटों पर करीब 62.52 फीसदी मतदान हुआ। यहां मतदाताओं ने ईवीएम का बटन दबाकर मेनका गांधी, संतोष गंगवार, बेगम नूर बानो और सलीम शेरवानी समेत 150 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला किया।
पश्चिम बंगाल में सबसे जबरदस्त वोटिंग हुई। यहां चार सीटों पर करीब 78.89 फीसदी वोट पड़े। राजस्थान में भी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का जमकर इस्तेमाल किया, वहां 20 सीटों पर 63.25 फीसदी मतदान हुआ।
जो पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले 15 प्रतिशत ज्यादा है। यहां जसवंत सिंह, सचिन पायलट, सीपी जोशी, गिरिजा व्यास, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मैदान में हैं।
ओडिशा में हुआ 70 फीसदी मतदान
ओडिशा में 11 लोकसभा सीटों पर 70 फीसदी मतदान हुआ। मणिपुर में एक सीट पर 74 प्रतिशत मतदान हुआ। जम्मू और कश्मीर की एक सीट पर 69 फीसदी वोट पड़े।
यहां गुलाम नबी आजाद भाजपा की कड़ी चुनौती का सामना कर रहे हैं। महाराष्ट्र में 19 सीटों पर 54.67 फीसदी वोट पड़े।
यहां सुशील कुमार शिंदे, गोपी नाथ मुंडे, अशोक चव्हाण, सुप्रिया सुले समेत कई दिग्गज मैदान में हैं। छत्तीसगढ़ की तीन सीटों पर 63.44 फीसदी, जबकि मध्य प्रदेश की 10 सीटों पर 54.41 फीसदी मतदान हुआ।
झारखंड में 62, बिहार में 56 फीसदी मतदान
झारखंड में 6 सीटों पर 62 फीसदी तो बिहार में सात सीटों पर 56 फीसदी मतदान हुआ, जो पिछली बार की तुलना में करीब 17 फीसदी ज्यादा है। यहां लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती, शत्रुघ्न सिन्हा, आरके सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है।
कर्नाटक में 28 सीटों पर 66 फीसदी वोट पड़े। यहां वीरप्पा मोइली, नंदन नीलेकणी, बीएस येदियुरप्पा जैसे दिग्गज मैदान में हैं। ओडिशा में विधानसभा की 77 सीटों के लिए भी वोट डाले गए।
झारखंड में नक्सली हिंसा की घटनाओं की छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। झारखंड में नक्सलियों ने रेलवे ट्रैक उड़ाकर और दस धमाके कर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन वे अपने मंसूबों में नाकाम रहे। पश्चिम बंगाल से बूथ लूटने, फर्जी मतदान की शिकायतें मिली हैं।