लालू की बेटी के खिलाफ भाजपा से ताल ठोकेंगे रामकृपाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टिकट न मिलने से नाराज होकर राजद से बगावत करने वाले राज्यसभा सांसद रामकृपाल यादव मंगलवार को भाजपा में शामिल होंगे।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल करने के फैसले को हरी झंडी दिखा दी है। अब रामकृपाल राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा यादव के खिलाफ पाटलिपुत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
इस सीट पर खुद की जगह मीसा को टिकट दिए जाने से नाराज रामकृपाल ने दो दिन पूर्व पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।
जदयू और लोजपा ने भी डाले थे डोरे
राजद से बगावत के बाद जदयू और लोजपा ने भी रामकृपाल पर डोरे डाले थे। हालांकि यादव ने इन दोनों दलों पर भाजपा को तरजीह दी।
भाजपा में शामिल होने की पुष्टि करते हुए रामकृपाल ने कहा कि वह पाटलिपुत्र सीट से मीसा को चुनौती देंगे। उन्होंने लालू पर अपनी अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि वह सामाजिक न्याय की जगह पारिवारिक न्याय की राह पर हैं।
उन्होंने कहा कि बीते चुनाव में जब उनकी इस पारंपरिक सीट पर खुद लालू ने लड़ने की इच्छा जताई थी तो वह चुप हो गए थे। मगर इस बार लालू ने उनकी दूसरी बार अनदेखी करते हुए अपनी पुत्री को उम्मीदवार घोषित कर दिया।
लालू के बयान से पलटा मामला
रामकृपाल यादव ने कहा कि राजद के मुखिया अगर उनकी जगह पार्टी के किसी निष्ठावान कार्यकर्ता को यहां से उम्मीदवार बनाने तो उन्हें दुख नहीं होता।
उल्लेखनीय है कि रामकृपाल की बगावत के बाद खुद मीसा ने उन्हें मनाने की भरपूर कोशिश की थी। यहां तक कि उन्होंने रामकृपाल के लिए पाटलिपुत्र सीट छोड़ने तक का प्रस्ताव रखा था।
मगर इसी बीच लालू ने मैदान में उतारने के बाद घोड़ा नहीं बदला जाता संबंधी बयान देकर फैसला पलटने से इनकार कर दिया था।