सामने आया SP की शहादत का चौंकाने वाला सच
असम में उग्रवादी संगठन कार्बी पीपुल्स लिबरेशन टाइगर के साथ एक मुठभेड़ में एसपी को छोड़कर कथित तौर पर फरार होने वाले चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार रात को हुई मुठभेड़ में पुलिस अधीक्षक और उनके पीएसओ की मौत हो गई थी। एसपी के परिवार वालों ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने एसपी के चारों निजी सुरक्षा अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। ये पुलिसकर्मी मुठभेड़ के दौरान हामरेन के एसपी नित्या नंदा गोस्वामी और उनके पीएसओ रातुल नुनिसा को छोड़कर भाग गए थे।
भागने वाले पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी
एसपी, अतिरिक्त एसपी और अन्य पुलिसकर्मी रंगथांग के जंगलों में तीन समूहों में ऑपरेशन चला रहे थे। गोस्वामी पांच पुलिसकर्मियों की टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। गोस्वामी की पत्नी रेखा ने पति की मौत मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
इस बीच केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने घटना के बाद मुख्यमंत्री के साथ बंद कमरे में बैठक कर राज्य की कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और उग्रवादियों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वह खुद इस क्षेत्र से संबंध रखते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पूर्वोत्तर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस इलाके को लोगों में उनका पूरा भरोसा है।