{"_id":"eb2aa592-27e2-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"rape-victim-family-left-village","type":"story","status":"publish","title_hn":"दुराचार का दंश झेल रहे परिवार ने छोड़ दिया गांव","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
दुराचार का दंश झेल रहे परिवार ने छोड़ दिया गांव
रतिया(फतेहाबाद)/ब्यूरो
Updated Tue, 06 Nov 2012 12:53 PM IST
विज्ञापन
ढाणी नंगल गांव में एक बुजुर्ग ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुराचार किया। घरवालों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया पर सरपंच पीड़िता पर समझौता करने का दबाव बना रहा है। और तो और परिवार वालों का तानों से जीना दुश्वार हो गया है। तानों से तंग आकर पीड़िता के परिवार ने सोमवार को गांव से पलायन कर लिया। उन्होंने अब दूसरे गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां शरण ली है। मामला हरियाणा के फतेहाबाद जिला का है।
विज्ञापन
परिवार के मुखिया ने बताया कि 13 अक्टूबर को गांव के एक बुजुर्ग ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुराचार किया था। इसका पता चलने पर स्कूल प्रबंधन ने उसकी बेटी और उसकी दो बहनों का स्कूल से नाम काट दिया और स्कूल आने से मना कर दिया। शिकायत करने पर पुलिस ने इस मामले में आरोपी पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
इस प्रकरण के बाद से उसका व उसके परिवार वालों का गांव में रहना दूभर हो गया था। लोग उसे गिरी हुई नजरों से देखते थे और सगे-संबंधी भी उससे कन्नी काटने लगे थे। इसी मजबूरी के चलते उसने दूसरे गांव में शरण ली है। अब वह इसी गांव में रहेगा और यहीं पर अपनी पुत्रियों की पढ़ाई करवाएगा।
विज्ञापन
उसने बताया कि सरपंच व स्कूल स्टाफ ने मामले को रफा-दफा करने के लिए उस पर दबाव डाला। वह इस बारे में अनेक बार प्रशासन से शिकायत कर चुका है, लेकिन अभी तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस बारे में एसडीएम एचसी भाटिया ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने उसके रिश्तेदार के घर जाएंगे और पीड़ित परिवार को गांव वापस जाने के लिए मनाएंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।