राजधानी एक्सप्रेस के टॉयलेट में मासूम से रेप की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में मंगलवार रात सफर कर रहे एक फौजी की आठ वर्षीय बेटी को पैंट्री कार के एक वेंडर ने टॉयलेट में ले जाकर बलात्कार की कोशिश की।
इसका पता लगने पर फौजी शिकायत करने टीटीई के पास पहुंचे तो वह भी शराब के नशे में धुत मिला। इसके बाद यात्रियों ने वेंडर और टीटीई दोनों को पकड़कर जमकर धुना।
ट्रेन बरेली जंक्शन पहुंची तो जीआरपी ने दोनों को उतारकर हिरासत में ले लिया। टीटीई का तो दफा 34 के तहत चालान कर मेडिकल परीक्षण कराया गया जबकि वेंडर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। टीटीई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का भी आदेश दिया गया है।
मोबाइल चार्ज करने के बहाने कोच में घुसा वेंडर
मंगलवार रात एक फौजी आठ वर्षीय बेटी के साथ राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन 12435 में छपरा स्टेशन से सवार हुए थे। कोच नंबर बी-6 में उनकी बर्थ नंबर 25 और 26 पर उनका रिजर्वेशन था।
रात एक बजे जब ट्रेन बनारस के आसपास थी तभी मोबाइल चार्ज करने के बहाने कोच में घुसा पैंट्री कार का वेंडर रंजीत सिंह फौजी की बेटी को फुसलाकर बाथरूम की तरफ ले गया और वहां उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
वेंडर की हरकतों से डरी लड़की रोने लगी तो कोच में बैठे दूसरे यात्री अक्षय की नजर उन पर पड़ी। इस पर वेंडर ने लड़की को वापस उसकी सीट पर पहुंचा दिया। फौजी ने बेटी के रोने का कारण पूछा तो वेंडर ने बाथरूम का गेट न खुल पाने का बहाना बना दिया। उसकी बात का भरोसा करके फौजी फिर सो गए।
यात्रियों ने टीटीई और वेंडर को जमकर पीटा
बुधवार सुबह फौजी के जागने पर पड़ोस के यात्री अक्षय ने उनकी बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ के बारे में उन्हें बताया। फौजी वेंडर की शिकायत ट्रेन के टीटीई सत्यपाल यादव से करने गए लेकिन वह भी शराब के नशे में था।
इससे गुस्साए फौजी ने पहले टीटीई और फिर पैंट्री कार में जाकर वेंडर रंजीत को पकड़ लिया और उन्हें कोच में ले आए। यात्रियों ने दोनों को जमकर पीटा।
फिर इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी गई। कंट्रोल से मैसेज प्रसारित हुआ तो रेलवे के कई अफसर, आरपीएफ और जीआरपी के साथ प्लेटफार्म पर पहुंच गए।
वेंडर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस
सुबह 9.52 बजे ट्रेन बरेली जंक्शन पहुंची तो टीटीई और आरोपी वेंडर को ट्रेन से नीचे उतारा गया। टीटीई का दफा 34 में चालान कर उसका मेडिकल कराया गया। दस बजे ट्रेन रवाना हो गई।
फौजी ने मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंचकर तहरीर दी जिसके आधार पर बरेली जंक्शन के थाना जीआरपी में वेंडर रंजीत सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। रंजीत बिहार के सहरसा जिले के बेहरा गांव निवासी है।
जीआरपी ने उसे अपर लघुवाद न्यायाधीश शक्ति सिंह की कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने का आदेश पारित कर दिया।