गृह मंत्रालय भी अखिलेश सरकार से नाराज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बदायूं में दो बहनों के साथ हुए गैंगरेप और हत्याकांड पर प्रदेश की अखिलेश सरकार चौतरफा घिरती नजर आ रही है।
सोमवार को गृह मंत्रालय ने चिट्ठी लिखकर यूपी सरकार से पूछा कि इस मामले में एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज क्यों नहीं किया गया।
वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री ने इस मामले में केवल एक कांस्टेबल को सस्पेंड किया है, जबकि जिले के एसपी और एसएसपी को भी सस्पेंड किया जाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि इस मामले में महिला आयोग राज्य के डीजीपी का तलब कर उनसे पुलिस की लापरवाही को लेकर जवाब मांगने पर विचार कर रहा है।
घटना पर चढ़ा सियासी रंग
यूपी के बदायूं जिले में दो बहनों के साथ हुए गैंगरेप और हत्याकांड के मामले ने सियासी रंग लेना शुरू कर दिया है।
सोमवार को गैंगरेप पीड़िताओं के परिवार से मिलने पहुंचे लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और उनके सांसद पुत्र चिराग पासवान ने यूपी की अखिलेश सरकार को निशाने पर लिया।
रामविलास पासवान ने कहा कि यह एक शर्मनाक घटना है। यूपी में लोग डरे हुए हैं। हम आज शाम को होने वाली कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घटना की एक रिपोर्ट देंगे।
चिराग ने मुलायम सिंह यादव को घेरा
रामविलास पासवान ने मामले को लेकर यूपी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि बहुत दुख की बात है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी अभी तक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने नहीं आए।
चिराग पासवान ने कहा कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने पिछले दिनों बलात्कार के आरोपियों को लेकर जो बयान दिया था कि लड़कों से ऐसी गलतियां हो जाती हैं, क्या यह घटना उनके उस बयान का ही परिणाम है?
'बिजली नहीं दे सकते, कम से कम सुरक्षा तो दें'
चिराग पासवान ने यूपी सरकार को घेरते हुए कहा, 'अगर आप प्रदेश की जनता को बिजली नहीं दे सकते तो कम से कम उन्हें एक सुरक्षित माहौल तो दे दीजिए।'
उन्होंने कहा, 'यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि अखिलेश यादव अभी तक बदायूं क्यों नहीं आए हैं। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी सहानुभूति है।'
गौरतलब है कि यूपी के बदायूं में पिछले दिनों दो बहनों के साथ गैंगरेप कर उन्हें फांसी पर लटका दिया गया था। मामले को लेकर लखनऊ से दिल्ली तक हड़कंप मचा हुआ है।