राम मंदिर बनाने के लिए अयोध्या पहुंचे पत्थर, हुआ पूजन
बीते जून में पत्थर दान की घोषणा के बाद राजस्थान से इसकी पहली खेप रविवार को रामसेवकपुरम कार्यशाला पहुंची। श्रीराम जन्मभूमि न्यास के कार्याध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने पत्थरों का पूजन किया।
उन्होंने कहा कि पत्थरों की तराशी करके हम राममंदिर निर्माण की अपनी तैयारी पूरी कर रहे हैं। बाकी फैसला तो सुप्रीम कोर्ट ही करेगा।
विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि 2007 के बाद पत्थरों की आमद फिर से शुरू हुई है। राजस्थान से एक ट्रक में 15 टन पत्थर तीन बड़े टुकड़ों में कार्यशाला में लाए गए हैं।
शांति-सद्भाव को खतरा तभी कार्रवाई: एसएसपी
एसएसपी मोहित गुप्ता ने कहा कि राजस्थान से राममंदिर न्यास कार्यशाला में पत्थर मंगाए जाने की जानकारी है। जब लगेगा कि शांति व्यवस्था व सांप्रदायिक सौहार्द्र खराब हो सकता है, तो कार्रवाई करेंगे।
वहीं एडीएम सिटी आरएन शर्मा ने कहा कि पत्थर दान व राजस्थान से पत्थर मंगाए जाने की न कोई अनुमति ली गई है, न ही उनके संज्ञान में मामला है।