{"_id":"76ad505e-6a20-11e2-93f9-d4ae52bc57c2","slug":"rajnath-team-will-have-few-faces-glamor-world","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजनाथ की टीम में कम दिखेंगे ग्लैमर वर्ल्ड के चेहरे","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
राजनाथ की टीम में कम दिखेंगे ग्लैमर वर्ल्ड के चेहरे
नई दिल्ली/हरीश लखेड़ा
Updated Wed, 30 Jan 2013 12:54 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के नए अध्यक्ष राजनाथ सिंह अपनी नई टीम बनाने की कवायद में जुट गए हैं। अपने चुनाव पर राष्ट्रीय परिषद की मुहर लगवाने के बाद वे नई टीम का गठन कर देंगे। उम्मीद है कि नई टीम का गठन फरवरी के अंत तक हो जाएगा। साथ ही यह भी साफ है कि राजनाथ की टीम में ग्लैमर वर्ल्ड के चेहरे कम दिख दिखेंगे।
विज्ञापन
नई टीम को इस साल नौ राज्यों के विधानसभा और अगले साल लोकसभा चुनाव का प्रबंधन संभालना है। इसलिए इसमें जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं को तवज्जो मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि राजनाथ की टीम भारी भरकम होगी, क्योंकि पार्टी में जारी गुटबाजी के चलते उन्हें सभी दिग्गजों व क्षत्रपों को संतुष्ट करना पड़ेगा।
विज्ञापन
नितिन गडकरी की टीम में टीवी कलाकार स्मृति ईरानी, वाणी त्रिपाठी से लेकर क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू समेत ग्लैमर वर्ल्ड के कई चेहरे शामिल थे। ईरानी को पार्टी की महिला मोर्चा की कमान सौंपी गई थी। राज्यसभा सदस्य हेमा मालिनी को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया था। गडकरी महाराष्ट्र से हैं, इसलिए बॉलीवुड के कई अन्य कलाकार भी पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों में शामिल किए गए थे। वैसे इनमें से कई सदस्य पार्टी मुख्यालय में हुई एक भी बैठक में शामिल नहीं हुए।
विज्ञापन
ऐसे में माना जा रहा है कि गांव-देहात की पृष्ठभूमि से आने वाले राजनाथ सिंह उन लोगों को ज्यादा तवज्जो देंगे जो वास्तव में सड़कों पर संघर्ष करते दिखते हैं। वैसे भी आगामी लोकसभा चुनाव राजनाथ के लिए अग्नि परीक्षा से कम नहीं हैं, क्योंकि पिछली बार उनके अध्यक्ष रहते हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा का संख्या बल कम हो गया था।
फिलहाल उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश व झारखंड भाजपा के हाथ से निकल गए हैं और कर्नाटक में संकट छाया हुआ है। सबसे ज्यादा सांसद भेजने वाले यूपी में पार्टी हाशिए पर है। इसलिए राजनाथ ने पार्टी के बड़े नेताओं से संगठन को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी चर्चा हो चुकी है। बाकी नेताओं से भी अनौपचारिक व औपचारिक तौर पर विचार-विमर्श शुरू हो गया है।