राजनाथ सिंह ने दी चीन को चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन पर अक्साई चीन अवैध तरीके से हड़पने का आरोप लगाते हुए भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि पड़ोसी देश द्वारा बार-बार घुसपैठ की घटना दोनों देशों के सौहार्दपूर्ण संबंधों के लिए शुभ संकेत नहीं है।
लेह में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन ने अवैध तरीके से अक्साई चिन पर कब्जा जमा लिया है। हम पड़ोसी देश के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध चाहते हैं लेकिन बार-बार चीन घुसपैठ कर इस ओर शुभ संकेत नहीं दे रहा।
राजनाथ ने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंच सकते हैं यदि सीमा विवाद जैसे जटिल मुद्दों को सुलझाया जाए और सकारात्मक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने चीन को अक्साई चिन का क्षेत्र उपहार में दे दिया और नेशनल कांफ्रेंस नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने कभी इसकी चिंता नहीं की। यही नहीं केंद्र की पिछली सरकार के लिए भी लद्दाख ठंडे रेगिस्तान से ज्यादा कुछ नहीं था। आजादी के वक्त जम्मू-कश्मीर में चीन के साथ भारत की सीमा नहीं लगी थी लेकिन कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण चीन यहां तक पहुंच गया। दोनों देशों के बीच में तिब्बत मध्यवर्ती राज्य बन कर रह गया।
अनुच्छेद 370 पर राजनाथ का बड़ा बयान
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अनुच्छेद 370 के चलते इस क्षेत्र में कई विकासशील परियोजनाएं लागू नहीं की जा सकती। यदि लोग भाजपा को सत्ता में लाते हैं तो वादे के मुताबिक राज्य में 73 वें संशोधन को लागू किया जाएगा, जिससे हर स्तर पर विकास होगा।
चुनावी रैली के दौरान राजनाथ ने कहा 73 वें संशोधन से राज्य के निचले स्तर की संस्थाओं को भी वित्तीय शक्ति मिलेगी, जिसे पिछली सरकार ने कभी लागू नहीं किया। राजनाथ ने कहा कि अनुच्छेद 370 के कारण केंद्र सीधे इसे लागू नहीं कर सकता।
अनुच्छेद 370 पर उन्होंने कहा कि यह एक राष्ट्रीय मुद्दा है और इसकी उपयोगिता पर विस्तार से बहस की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लद्दाख विश्व के लिए एक बड़े पर्यटन स्थल के तौर पर उभर सकता है यदि इस क्षेत्र का विकास पर्यटन उद्योग को ध्यान में रख कर किया जाए। बौद्ध धर्मावलंबियों और अन्य के लिए यह एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।