{"_id":"51b278a2-790b-11e2-8deb-d4ae52bc57c2","slug":"rajnath-making-team-to-keep-eye-on-lok-sabha-elections","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोकसभा चुनाव पर निगाह रख टीम बना रहे राजनाथ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
लोकसभा चुनाव पर निगाह रख टीम बना रहे राजनाथ
नई दिल्ली/हरीश लखेड़ा
Updated Sun, 17 Feb 2013 07:37 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह अपनी नई टीम के गठन में जुट गए हैं। चूंकि पार्टी को लोकसभा का चुनावी महासमर बहुत निकट दिख रहे हैं, इसलिए ऐसे नेताओं को इस टीम में जगह मिलने की संभावना काफी कम है जो चुनाव लड़ने वाले हैं। राजनाथ सिंह इस समय प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने में जुटे हुए हैं। ऐसे में पार्टी की नई कार्यकारिणी का ऐलान राष्ट्रीय परिषद के सम्मेलन के बाद ही हो पाएगा।
विज्ञापन
राजनाथ की टीम के लिए 11 उपाध्यक्ष, संगठन महासचिव समेत 10 महासचिव, एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचित और 13 सचिव तलाशे जा रहे हैं। पार्टी के सभी छह मोर्चों के प्रमुखों के नाम का ऐलान भी कार्यकारिणी के साथ होगा, जबकि प्रकोष्ठ प्रमुखों के नाम अलग से घोषित होंगे।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार राजनाथ की टीम में जो नए नाम शामिल हो सकते हैं उनमें गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी अमित शाह, साध्वी उमा भारती, ओम माथुर, एसएस अहलूवालिया, जुएल ओराम, राजीव प्रताप रूडी, अशोक प्रधान और रामेश्वर चौरसिया खास हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस बार भी पूर्व महासचिव संजय जोशी के पुनर्वास की कोशिश में लगा है।
विज्ञापन
इसके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी को भी उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है, जबकि मौजूदा सचिव वरुण गांधी तथा मुरलीधर राव को तरक्की देने पर विचार हो रहा है। पार्टी को इस बार कम से कम चार नए महासचिव मिल सकते हैं। वैसे भी रविशंकर प्रसाद अब राज्यसभा में विपक्ष के उप नेता बन चुके हैं।
नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश व विजय गोयल को दिल्ली की कमान सौंपी जा चुकी है। धर्मेंद्र प्रधान को उड़ीसा की कमान सौंपने पर विचार हो रहा है। पूर्वोत्तर से किरण रिजेजू को महासचिव या उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। रिजेजू एक बार बाहर जाने के बाद फिर से पार्टी में लौट आए हैं।
अनंत कुमार, जेपी नड्डा को महासचिव बनाया जा सकता है, जबकि थावर चंद गहलोत बने रह सकते हैं। प्रवक्ता निर्मला सीतारमन को भी कार्यकारिणी में जगह मिल सकती है। पार्टी में नए कोषाध्यक्ष के तौर पर रामदास अग्रवाल का नाम सबसे आगे चल रहा है। दिल्ली से डा. हर्षवर्धन और विजेंद्र गुप्ता में से किसी एक को जगह मिलनी लगभग तय है। महिला मोर्चा अध्यक्ष स्मृति ईरानी को भी कार्यकारिणी में जगह मिल सकती है।
कैसी होगी राजनाथ की टीम
नए भाजपा अध्यक्ष की नई टीम में 11 उपाध्यक्ष, 10 महासचिव (संगठन महासचिव समेत), एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव और 13 सचिव होंगे।
दुविधा बरकरार
सबको साथ लेकर चलने की नीति पर काम कर रहे नए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के लिए अपनी नई टीम का गठन काफी टेढ़ी खीर साबित हो रही है। कई नेताओं को लेकर वे दुविधा में हैं और अभी तक यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि इन्हें क्या जिम्मेदारी सौंपी जाए। इन नेताओं में नजमा हेपतुल्ला, हेमा मालिनी, कलराज मिश्र, रमेश पोखरियाल निशंक, किरण घई, नवजोत सिंह सिद्धू आदि प्रमुख हैं।
टिकी है संघ परिवार की नजर
राजनाथ की प्रस्तावित टीम पर भाजपा के साथ ही पूरे संघ परिवार की नजर टिकी है, क्योंकि इसी टीम के सहारे पार्टी को पहले कर्नाटक, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव के समर में उतरना है। इसलिए ऐसे नेताओं की तलाश हो रही है जो संगठन को ज्यादा समय दे सकें।