'टूजी, थ्रीजी के बाद अब सामने आया जीजाजी घोटाला'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपीए के दस साल के राज में कांग्रेस के सांसदों ने 5.50 लाख करोड़ का घोटाला किया। इनमें टूजी स्पेक्ट्रम, थ्री जी स्पेक्ट्रम, सीडब्ल्यूजी घोटाले तो शामिल थे ही अब जीजाजी घोटाला भी सामने आ गया।
राबर्ट वाड्रा का नाम लिए बगैर कहा कि सात साल पहले जिस व्यक्ति पर मात्र एक लाख रुपये हुआ करते थे, उसके पास वर्तमान में 360 करोड़ रुपये की संपत्ति कहां से आ गई। उन्होंने कहा कि इसका जवाब कांग्रेस के साथ ही सपा और बसपा को भी देना होगा, क्योंकि दोनों ही कांग्रेस की सहयोगी हैं।
राजनाथ सिंह मंगलवार को मैनपुरी के क्रिश्चियन मैदान में पार्टी प्रत्याशी एसएस चौहान के पक्ष में सभा कर रहे थे।
'सरकार चलाने के लिए चाहिए शेर का कलेजा'
उन्होंने कहा कि देश में 67 में से 55 साल कांग्रेस ने शासन किया। कांग्रेस के राज में महंगाई भ्रष्टाचार और सीमाओं पर असुरक्षा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की सरकार चलाने के लिए शेर का कलेजा चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों से केंद्र में यूपीए की सरकार को प्रदेश की सपा और बसपा मिलकर चला रही हैं। इनके कारण ही पिछले दस सालों में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है।
इन पार्टियों ने सत्ता तो बनाई लेकिन समाज नहीं। उन्होंने पूछा कि आखिर सपा और बसपा को कांग्रेस से इतनी मोहब्बत क्यों है। भाजपा नेता ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा ने भी सरकार चलाई थी। उस समय परमाणु बम विस्फोट के चलते दुनिया भर के देशों ने भारत पर प्रतिबंध लगाए थे लेकिन इसके बाद भी भाजपा सरकार ने महंगाई नहीं बढ़ने दी। इसी दौरान कारगिल युद्ध भी हुआ था। उसका भी असर आम जनता पर नहीं पड़ने दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय जंगलराज है। कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। दो दिन पहले बटेश्वर में हुई घटना इसका सबूत है। उन्होंने लोगों से कहा कि यदि देश को बचाना है तो अब सिर्फ मोदी और भाजपा ही विकल्प हैं। यही कारण है कि पार्टी ने मैनपुरी से एक सैनिक को टिकट दिया है। इस बार सत्ता नहीं देश बदलने के लिए वोट जरूर दें।