मौत से भी नहीं डरा रजनीकांत का दीवाना
अपने फेवरेट सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म लिंगा देखने गए उनके एक फैन की फिल्म देखने के दौरान ही मौत हो गई है। 56 साल के राजेन्द्रन चेत्तिपाल्यम शहर के रहने वाले हैं, जो किडनी के कैंसर की समस्या से ग्रस्त थे।
इनका सरकारी अस्पताल में इलाज भी चल रहा था और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी। उन्हें डॉक्टरों और रिश्तेदारों ने ऐसा करने के लिए काफी मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माने और फिल्म देखने चले गए। घरवालों के अनुसार राजेन्द्रन ने रजनीकांत की सभी फिल्में देखी हैं।
पुलिस के अनुसार, राजेन्द्रन को किडनी के कैंसर के बारे में करीब तीन महीने पहले पता चला था। जब से लिंगा फिल्म रिलीज हुई है, वे बार-बार घरवालों से अपने सुपरस्टार की फिल्म देखने जाने की जिद कर रहे थे, लेकिन सभी उन्हें मना कर दे रहे थे।
सफाई करने वालों ने दी इसकी सूचना
गुरुवार की रात राजेन्द्रन सबसे छुप-छुपाकर घर से निकल गए और रात 9.45 बजे का शो देखने कोयम्बटूर पहुंच गए। यह शो करीब 12.55 पर खत्म हुआ। रात के करीब डेढ़ बजे जब सिनेमाहॉल के सफाई कर्मचारी अन्दर गए तो उन्होंने एक शख्स को सीट पर बैठे देखा।
उसे देखकर पहले तो सभी ने समझा कि शायद वह सो गया है, इसलिए उसे जगाने की कोशिश करने लगे, लेकिन जब वह नहीं जगा तो मैनेजर को बुलाया गया। मैनेजर ने जब देखा कि वह व्यक्ति मर चुका है, तो उसने पुलिस को फोन करके इसकी सूचना दी।