वाड्रा से 400 बीघा जमीन वापस छीनी सरकार ने
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामान रॉबर्ट वाड्रा की कम्पनी द्वारा खरीदी गईं 400 बीघा जमीनें राजस्थान सरकार ने कब्जे में ले ली हैं। सरकार ने बीकानेर जिले की करीब ३६० हैक्टेयर जमीनें वापस ली हैं, जिनका वर्ष 2006-07 में फर्जी कागजात से महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के विस्थापितों के नाम पर नामांतरण भरा गया था। इसके बाद वर्ष 2010 में इन जमीनों को वाड्रा की स्काई लाइट हॉस्पीटेलिटी कम्पनी (400 बीघा) सहित अन्य ने खरीद लिया था।
बीकानेर जिले के कोलायत उपखण्ड अधिकारी ने पिछले दिनों आदेश जारी कर फर्जी तरीके से आवंटित की गई 360 हैक्टेयर जमीनों के नामांतरण खारिज कर, इन जमीनों को सिवाय चक घोषित कर दिया। इसमें वाड्रा की कम्पनी की जमीनें भी शामिल हैं। अब इन जमीनों को सरकारी खाते में दर्ज कर सरकार ने कब्जा ले लिया है।
ये था मामला
हालांकि, प्रशासन को अब तक यह पता नहीं चला है कि इन जमीनों के मालिक कौन हैं? बीकानेर जिले की कलक्टर आरती डोगरा के अनुसार फर्जी तरीके से आवंटित 360 हैक्टेयर जमीनें कब्जे में ली गई हैं, जिन्हें कई कम्पनियों व अन्य ने खरीदा था।
मामले के तहत वर्ष 2006-07 में बीकानेर जिले के कोलायत स्थित गांव जगतपुरा व मढ़ गांव निवासियों के नाम के फर्जी कागजात से महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के विस्थापितों के नाम पर गजनेर, गोयलरी व इंदों का बाला गांवों में जमीनों का फर्जी नामांतरण भरा गया। फिर 2010 में जमीनों की खरीद-फरोख्त हुई, जिसमें वाड्रा की कम्पनी भी शामिल थी। मामले ने राजस्थान की पिछली कांग्रेस सरकार के समय तूल पकड़ा था, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई थी।