आज फिर होगी झमाझम बारिश, जानिए कहां-कहां बरसेंगे मेघ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शनिवार दोपहर चली धूल भरी आंधी के बाद बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। बारिश से तापमान में अच्छी-खासी गिरावट देखी गई और लोगों को लू और तपती गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है अगले 48 घंटों में पूरे उत्तर भारत में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश होगी। रविवार को दिल्ली एनसीआर के अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पहाड़ों पर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होगी। इससे मौसम सुहाना रहेगा।
शनिवार दोपहर में दिल्ली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अचानक से मौसम ने करवट बदली। दिल्ली में 84 किमी की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इसके बाद अच्छी बारिश हुई।
गाजियाबाद और दक्षिणी दिल्ली में तेज बारिश हुई। इस कारण 40 डिग्री से ऊपर बने तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में 4.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, आंधी की वजह से कई इलाकों में पेड़, खंभे, होर्डिंग व छत पर रखे सामान आदि गिर गए। कुछ लोगों के घायल होने की सूचना भी है।
पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दो-तीन दिनों में मौसम इसी तरह बना रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम पारे में 1-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। उधर, चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा के गुड़गांव, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रोहतक, अंबाला और पंचकुला के अलावा पंजाब के मोहाली, रोपर और अमृतसर में भी धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई।
धूल भरी आंधी के कारण चंडीगढ़ में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में वर्तमान बदलाव पश्चिमी यूपी, हरियाणा और उत्तराखंड के ऊपर बने अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आया है।
देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई है। ओडिशा के गंजम जिले में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है। पश्चिम में मानसून दक्षिणी गुजरात तक पहुंच गया है। इस कारण राज्य के कई इलाकों में बारिश हो रही है। पिछले दिनों भीषण गर्मी से कई लोगों की मौत के कारण चर्चा में रहे तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी मानसूनी बारिश हुई है।